ट्रंप का भारत की हवा को गंदा बताना “हाउडी मोदी” का नतीजा
नई दिल्ली। अमेरिका में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए दूसरी ऑफिशियल डिबेट के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत की हवा को गंदा बताये जाने पर कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है।
कपिल सिब्बल ने राष्ट्रपति ट्रंप के बयान को अमेरिका में पीएम मोदी के कार्यक्रम हाउडी मोदी का नतीजा बताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि “ट्रंप : मित्रता का लाभ, एक- भारत में कोरोना से मौत के आंकड़ों पर उठाए सवाल, दो- भारत की हवा गंदी है, तीन- भारत को टैरिफ किंग बताया। ‘हाउडी मोदी’ का परिणाम।”
गौरतलब है कि राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए ऑफिशियल डिबेट के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि भारत, चीन और रूस में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब है। ये देश अपनी हवा का ध्यान नहीं रखते हैं, जबकि अमेरिका हमेशा एयर क्वालिटी का ध्यान रखता है। ट्रंप ने पेरिस जलवायु समझौते से अमेरिका के हटने की बात दोहराते हुए कहा कि इसने इसे “गैर-प्रतिस्पर्धी राष्ट्र” बना दिया था।
उन्होंने चुनावों में अपने प्रतिद्वंदी और डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बिडेन के साथ एक बहस के दौरान कहा, “चीन को देखो, वहां कितनी गंदी हवा है। रूस को देखो, भारत को देखो, इन देशो में हवा गंदी है।”
वहीँ ट्रंप के बयान को भारत सरकार के स्वच्छ भारत कार्यक्रम के लिए झटका माना जा रहा है। वर्ष 2014 में सत्ता में आने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने देश में स्वच्छ भारत अभियान कार्यक्रम की शुरुआत की थी।
