ज्योतिरादित्य सिंधिया की तबियत ख़राब, अस्पताल में भर्ती

ज्योतिरादित्य सिंधिया की तबियत ख़राब, अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक सिंधिया को आज सुबह भर्ती कराया गया।

ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यालय ने सिंधिया के अस्पताल में भर्ती होने की पुष्टि की है लेकिन अभी यह नहीं पता चला है कि किन परिस्थितियों में सिंधिया को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। इसे लेकर तरह तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं लेकिन आधिकारिक तौर पर अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है।

सिंधिया को दिल्ली के जिस साकेत अस्पताल में भर्ती कराया गया है वहां के चिकित्सको ने भी फिलहाल कोई जानकारी देने से इंकार कर दिया है। हालांकि इतनी जानकारी अवश्य मिली कि सिंधिया को कोरोना संक्रमण के लक्षणों के कारण भर्ती नहीं कराया गया है।

इस मामले में अभी विस्तृत जानकारी का इन्तजार किया जा रहा है। गौरतलब है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्य प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार हैं। राज्य में होने जा रहे विधानसभाओं के उपचुनाव में भी ज्योतिरादित्य सिंधिया की भूमिका को अहम माना जा रहा है। जिन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है उनमे आधे से अधिक सीटें सिंधिया के गढ़ से ताल्लुक रखती हैं।

कोरोना संक्रमण के इलाज के लिए हुए भर्ती:

न्यूज़ 18 के मुताबिक अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि ज्योतिरादित्य सिंधिया में कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखने के बाद उन्हें दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में लाया गया है। खबर के मुताबिक सिंधिया और उनकी मां माधवी राजे सिंधिया कोरोना पॉजिटिव हैं और पिछले चार दिनों से साकेत स्थित मैक्‍स अस्‍पताल में इलाज के लिए भर्ती हैं।

TeamDigital