महागठबंधन में शामिल होंगी JMM और RLJP, ओवैसी की पार्टी पर फैसला जल्द
पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टियों में हलचल तेज हो गयी है। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव ने एलान किया है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय लोकजनशक्ति पार्टी महागठबंधन में शामिल होंगे।
तेजस्वी यादव ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि महागठबंधन में जेएमएम और राष्ट्रीय लोकजनशक्ति पार्टी को शामिल किया गया है। हालांकि हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के महागठबंधन में शामिल होने पर अभी भी संशय बना हुआ है।
गौरतलब है कि झारखंड में सत्तारूण पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के अध्यक्ष हेमंत सोरेन बिहार में खुद की अनदेखी से नाराज थे। इसलिए उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में अकेले उतरने की तैयारी की थी। बिहार में 12 सीटों पर JMM अपनी दावेदारी की थी। ये सभी सीटें आदिवासी बहुल्य हैं।
वहीँ पशुपति पारस की पार्टी राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) के पास दलित और पिछड़े वर्ग पर खासी पकड़ है। पारस की पार्टी महागठबंधन में आने से सबसे बड़ा नुकसान चिराग पासवान को होगा। हालांकि RLJP के सुप्रीमो पशुपति कुमार पारस ने महागठन में शामिल होने के लिए पहले ही संकेत दे दिए थे।
एक दो दिन में हो जायेगा AIMIM पर फैसला:
वहीँ कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) को महागठबंधन में शामिल करने का फैसला राजद के साथ मिलकर किया जायेगा। सूत्रों की माने तो अगले दो तीन दिन में इस पर फैसला होने की संभावना है। गौरतलब है कि महागठबंधन में AIMIM को शामिल करने के लिए पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को पत्र लिखा था।
