जीतनराम मांझी ने तोडा महागठबंधन से नाता, एनडीए में होंगे शामिल
पटना ब्यूरो। बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन को बड़ा झटका लगा है। हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) ने महागठबंधन छोड़ने का एलान किया है। आज पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में यह फैसला लिया गया।
माना जा रहा है कि जीतनराम मांझी बीजेपी-जेडीयू के गठजोड़ वाले एनडीए में शामिल हो सकते हैं। पिछले काफी समय से इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि जीतनराम मांझी महागठबंधन छोड़कर एनडीए में शामिल हो सकते हैं।
हालांकि एनडीए में शामिल होने के लिए भी जीतनराम मांझी की राहें आसान नहीं दिख रहीं। सूत्रों की माने तो नीतीश कुमार ने जीतन राम मांझी के समक्ष अपनी पार्टी को जेडीयू में विलय करने की शर्त रखी है।
आज संपन्न हुई बैठक में जीतन राम मांझी ने एलान किया कि उनकी पार्टी महागठबंधन से नाता तोड़ रही है। महागठबंधन छोड़ने के बाद उनकी पार्टी एनडीए में शामिल होगी या नहीं? इस बारे में अभी जीतन राम मांझी ने कोई एलान नहीं किया है। लेकिन पिछले कुछ दोनों से जीतन राम मांझी की तरफ से आये बयानों के आधार पर कयास लगाए जा रहे हैं कि वे एनडीए का दामन थाम सकते हैं।
