झारखंड के यूपीए विधायक रांची लौटे, कल से शुरू हो रहा विधानसभा का विशेष सत्र

झारखंड के यूपीए विधायक रांची लौटे, कल से शुरू हो रहा विधानसभा का विशेष सत्र

रांची। छत्तीसगढ़ के रायपुर में रुके हुए सभी यूपीए विधायक रविवार को रांची वापस आ गए हैं। राज्य में सियासी संकट के बीच कल 5 सितंबर को झारखंड विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र होने वाला है।

गौरतलब है कि झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विधानसभा सदस्यता पर मंडराते खतरे के बीच बीजेपी से बचाने के लिए यूपीए विधायकों को छत्तीसगढ़ भेज दिया गया था और ये विधायक रायपुर के होटल में ठहरे हुए थे।

हालांकि यूपीए के सभी विधायक रायपुर नहीं गए थे। रांची जाने वाले विधायकों में झारखंड मुक्ति मोर्चा के 30 में से 19 विधायक तथा कांग्रेस के 18 में से 13 विधायक शामिल थे।

यूपीए विधायकों के रांची वापस आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि अभी सत्र होने में कई घंटे बाकी हैं। जिस तरीके से विपक्ष अपने षडयंत्रकारी जाल बिछा रहा है वो सभी जाल काटे जाएंगे।

गौरतलब है कि राज्य सरकार ने 5 सितंबर को विधानसभा में विश्वास मत पेश करने की तिथि तय की है। आज रांची वापस लौटे यूपीए के सभी विधायक विश्वास मत में शामिल होंगे।

फिलहाल सभी की निगाहें हेमंत सरकार द्वारा सदन में लाये जाने वाले विश्वास मत प्रस्ताव पर टिकी हैं। आज की स्थिति देखें तो सरकार के लिए कोई बड़ा खतरा दिखाई नहीं देता लेकिन राजनीति में कुछ भी स्थाई नहीं होता। इसलिए विश्वास मत प्रस्ताव पर चर्चा के बाद मतदान होने तक कोई पक्का दावा नहीं किया जा सकता।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital