मधुबनी में बोले पीएम मोदी, “पहलगाम के दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा”
पटना। बिहार के मधुबनी में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले पर देश का दर्द बयां किया।
उन्होंने कहा, “पीड़ित परिवार के साथ पूरा देश दुखी है। पूरा देश आतंकी हमला से स्तब्ध है। जो लोग घायल हैं, वो जल्द स्वस्थ हों, इसके लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस हमले में किसी ने भाई, बहन और साथी खोया है। इस हमले वालों में से कोई मराठी, बंगाली, तमिल बोलता था। कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश दुखी है। ये हमला सिर्फ इन लोगों पर नहीं, बल्कि देश की आस्था पर हमला करने का दुस्साहस किया है।”
पीएम ने आगे कहा, “मैं साफ शब्दों में कह रहा हूँ कि इस हमले की साजिश करने वालों और आतंकियों को इनकी कल्पना से ज्यादा विभत्स सजा मिलेगी। आतंकवादियों की बची-खुची जमीन को भी मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है। 140 करोड़ भारतीयों की इच्छाशक्ति, आतंक के आकाओं की कमर तोड़ कर रहेगी।”
उन्होंने कहा, “मैं आज बिहार की भूमि से पूरे विश्व को कहता हूँ कि भारत हरेक आतंकी और उनके समर्थन करने वालों को पहचानकर खत्म करेगा। आतंकवादी बिना पनिशमेंट के नहीं जाएंगे। सभी लोग जो मानवता में विश्वास करते हैं, वो हमारे साथ हैं। शांति और सुरक्षा विकास की जरूरी शर्त हैं।”
बता दें कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले ने देश को हिलाकर रख दिया। दोपहर 2:45 बजे, जब पर्यटक घुड़सवारी और प्रकृति का आनंद ले रहे थे, चार आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में 27 लोगों की जान चली गई, जिनमें उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, ओडिशा, यूएई और नेपाल के पर्यटक शामिल थे। 20 से अधिक लोग घायल हुए।
