मोदी सरकार को एक और झटका: करप्शन इंडेक्स में भी दो पायदान नीचे पहुंचा भारत

मोदी सरकार को एक और झटका: करप्शन इंडेक्स में भी दो पायदान नीचे पहुंचा भारत

नई दिल्ली। डेमोक्रेसी इंडेक्स में 10 पायदान नीचे खिसकने के बाद मोदी सरकार को एक और बड़ा झटका भ्रष्टाचार को लेकर लगा है। अब करप्शन के मामले मे भी भारत दो पायदान नीचे लुढ़क गया है।

ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल की भ्रष्टाचार अनुभव सूचकांक (सीपीआई) 2019 में भारत का दुनिया के 180 देशों में 80वां स्थान है। वर्ष 2018 में भारत 78वें पायदान पर था।

ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल द्वारा दावोस में विश्व आर्थिक मंच की सालाना बैठक के दौरान जारी सूचकांक की रिपोर्ट में डेनमार्क और न्यूजीलैंड शीर्ष स्थान पर रहे हैं यानी वे सबसे ईमानदारी वाले देश हैं।

वहीँ वैश्विक भ्रष्टाचार धारणा सूचकांक 2019 की 180 देशों की सूची में पाकिस्तान 120 नंबर पर है, जबकि डेनमार्क पहले पायदान पर है। ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल ने दावोस में विश्व आर्थिक मंच की सालाना बैठक के दौरान इस सूचकांक को जारी किया। सूचकांक में ऊपर रहने का मतलब है भ्रष्टाचार कम होना और सूची में जो देश जितना ही नीचे हैं वहां भ्रष्टाचार उतना ही ज्यादा है।

बांग्लादेश में भ्रष्टाचार बहुत बड़े पैमाने पर फैला हुआ है और वह इस सूची में महज 26 अंकों के साथ 146वें नंबर पर है। निष्पक्ष रूप से वैश्विक स्तर पर भ्रष्टाचार का आंकलन करने वाली संस्था ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल द्वारा जारी हालिया सर्वे के मुताबिक, भारत का इंडेक्स में कुल स्कोर 41 रहा।

इससे पहले वर्ष 2017 के इंडेक्स में भारत 40 अंक के साथ 81वें स्थान पर था। इससे पहले 2016 में भारत इस इंडेक्स में 79वें स्थान पर था। भारत के साथ-साथ चीन, घाना, बेनिन और मोरक्को भी 80वें नंबर पर हैं। इस सूची में सार्वजनिक क्षेत्र के भ्रष्टाचार के मामलों में 180 देशों को रखा गया था। फिनलैंड, सिंगापुर, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, नॉर्वे, नीदरलैंड, जर्मनी और लक्जमबर्ग इस सूचकांक में शीर्ष 10 में शामिल रहे हैं।

ग्लोबल करप्शन परसेप्शन इंडेक्स के मुताबिक दो-तिहाई देशों का स्कोर 50 से कम है और औसत स्कोर 43 है। 2012 से लेकर अब तक केवल 22 देशों ने भ्रष्टाचार को कम किया है। इसमें एस्टोनिया, ग्रीस और गुयाना शामिल है। 21 देशों के स्कोर में गिरावट दर्ज की गई जिसमें ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और निकारागुआ शामिल है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital