भारत के 15 शहरों को निशाना बना रहा था पाक, जवाब में भारत ने लाहौर का एयर डिफेंस सिस्टम किया तबाह
नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाए पाकिस्तान ने कल देर रात भारत के 15 शहरों पर हमले की कोशिश की थी लेकिन भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने उसकी हर कोशिश को नाकाम कर दिया।
प्रेस इन्फोर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) द्वारा जारी वक्तव्य के मुताबिक, 7 और 8 मई की दरमियानी रात को पाकिस्तान ने उत्तर और पश्चिम भारत के कई क्षेत्रों को निशाना बनाया। इनमें अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़, नल, फलौदी और भुज शामिल थे।
वक्तव्य के मुताबिक, पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों के जरिए इन स्थानों को निशाना बनाया। हालांकि, काउंटर UAS और एयर डिफेंस सिस्टम की मदद से भारत ने इन हमलों को निष्क्रिय कर दिया। हमलों को निष्क्रिय करने के बाद मलबे को बरामद कर लिया गया है।
वक्तव्य के अनुसार, गुरुवार सुबह देश के सशस्त्र बलों ने अपनी जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के कई ठिकानों को निशाना बनाया। पाकिस्तान जिस तरह से हमले कर रहा है, भारत का जवाब भी वैसा ही है। विश्वसनीय जानकारी के अनुसार पता लगा है कि लाहौर में पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम को निष्क्रिय कर दिया गया है।
वहीं न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, भारतीय वायुसेना की एस 400 सुदर्शन चक्र वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली को कल रात भारत की ओर बढ़ रहे लक्ष्यों पर दागा गया। डोमेन विशेषज्ञों ने को बताया कि अभियान में लक्ष्यों को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया गया। आधिकारिक सरकारी पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
