उत्तर भारत में भीषण गर्मी, मौसम विभाग की चेतावनी, कब मिलेगी राहत

उत्तर भारत में भीषण गर्मी, मौसम विभाग की चेतावनी, कब मिलेगी राहत

नई दिल्ली। देश के उत्तरी इलाके में पड़ रही भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली एनसीआर में तापमान 40 डिग्री के आसपास होने के बावजूद तपिश वाली गर्मी 50 डिग्री जैसा महसूस करा रही है।

मौसम विभाग ने नागरिकों को लू से बचाव के लिए दोपहर के समय बाहर निकलने से परहेज करने, अधिक पानी पीने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषकर बुजुर्ग, बच्चे और बीमार व्यक्तियों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की ताजा भविष्यवाणी के अनुसार, 12 और 13 जून को भीषण लू और धूल भरी आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 जून को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा में नमी की मात्रा 25 प्रतिशत के आसपास रहेगी। इस दिन गरज-चमक के साथ बारिश और धूल भरी हवाओं के साथ हीट वेव चलने की चेतावनी दी गई है। इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

13 जून को भी तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, लेकिन इस दिन गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटे) चलने और बारिश की संभावना के कारण तापमान में आंशिक गिरावट हो सकती है। मौसम विभाग ने इस दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

14 जून से तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है। उस दिन अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री रह सकता है। बारिश की संभावना के बावजूद उस दिन किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद, 15 से 18 जून तक मौसम में स्थिरता रहने की संभावना है, जहां आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और बारिश की हल्की गतिविधि संभव है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।

TeamDigital