उपचुनाव को लेकर खुली बीजेपी की पोल, सिंधिया की करीबी मंत्री का वीडियो बना मुसीबत
भोपाल ब्यूरो। मध्य प्रदेश में 27 सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव से पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया की करीबी माने जाने वाली शिवराज सरकार की मंत्री इमरती देवी का एक वीडियो बीजेपी के लिए मुसीबत बन गया है।
इस वीडियो में इमरती देवी कह रही हैं कि उपचुनाव में कलेक्टर चुनाव जितवा देंगे। इमरती देवी ने वीडियो में कहा कि सरकार कलेक्टरों को कह देगी तो वो उपचुनाव जितवा देंगे।
इमरती देवी के वायरल हो रहे इस वीडियो से फ़िलहाल बीजेपी की पोल खुल गई है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद कांग्रेस ने बीजेपी की मंशा पर सवाल उठाये हैं। कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा कि मंत्री इमरती देवी का वीडियो बताता है कि सरकार कलेक्टरों के जरिए चुनाव को अपने पक्ष में करने की कोशिश करेगी। प्रशासनिक अफसरों पर इस को लेकर दबाव बनाया जा रहा है और यह बात मंत्री जी के वीडियो के बाद साफ हो गई है।
वहीँ इमरती देवी ने अपने बयान से बीजेपी को नई मुसीबत में डाल दिया है। कांग्रेस कमेटी ने चुनाव आयोग से शिकायत कर ग़ैर विधायक मंत्री इमरती देवी द्वारा कलेक्टर की मदद से चुनाव जीतने के दावे पर कार्यवाही एवं सभी ग़ैर विधायक मंत्रियों की बर्ख़ास्तगी की माँग करते हुए कहा है कि चुनाव आयोग लोकतंत्र की रक्षा के लिये कड़े कदम उठाये।
#सिंधिया समर्थक मंत्री का बेबाक बयान. कलेक्टर जितवा देंगे उपचुनाव. pic.twitter.com/3GJccX19o4
— Anurag Shrivastava (@Anuragnw18) September 17, 2020
अक्सर चर्चा में रहने वाली शिवराज सरकार की मंत्री इमरती देवी उन 22 विधायकों में से एक हैं जिन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस की कमलनाथ सरकार गिराने में बड़ी भूमिका निभाई थी।

