महाराष्ट्र के हितों के लिए उद्धव के साथ आने को तैयार हूं: राज ठाकरे
मुंबई। महाराष्ट्र नव निर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने कहा है कि वे महाराष्ट्र के हितों के लिए शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे के साथ आने को तैयार हैं।
राज ठाकरे ने कहा, ”महाराष्ट्र हित के सामने हमारे झगड़े, हमारी बातें छोटी होती हैं। महाराष्ट्र बहुत बड़ा है। ये झगड़े और विवाद महाराष्ट्र और मराठी लोगों के अस्तित्व के लिए बहुत महंगे है, इसलिए मुझे नहीं लगता कि एक साथ आने और एक साथ रहने में कोई कठिनाई है लेकिन विषय केवल इच्छा का है।”
राज ठाकरे ने कहा कि “यह केवल मेरी इच्छा का मामला नहीं है। यह मेरे स्वार्थ का मामला भी नहीं है। मुझे लगता है कि बड़े चित्र को देखना महत्वपूर्ण है।”
ठाकरे ने आगे कहा कि “मेरा मतलब यह है कि महाराष्ट्र के सभी राजनीतिक दलों के मराठी लोगों को एक साथ आकर एक पार्टी बनानी चाहिए।”
फिल्म निर्देशक महेश मांजरेकर के साथ किए पॉडकास्ट में राज ठाकरे ने कहा कि उद्धव ठाकरे के साथ मेरे राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन अगर महाराष्ट्र हित के लिए हमें एक होना होगा तो मैं उसके लिए तैयार हूं।
बता दें कि जल्द ही मुंबई में बीएमसी चुनाव होने हैं। ऐसे में राज ठाकरे के बयान को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राज ठाकरे के आज के बयान पर फिलहाल शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे की तरफ से अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं है ।
