अनलॉक-5 के लिए गाइडलाइन जारी, पढ़िए- अब क्या क्या खुलेगा

अनलॉक-5 के लिए गाइडलाइन जारी, पढ़िए- अब क्या क्या खुलेगा

नई दिल्ली। देश में प्रतिदिन कोरोना संक्रमित मामलो की बढ़ती तादाद के बीच आज सरकार ने अनलॉक-5 के लिए गाइडलाइन जारी कर दी है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी की गई गाइडलाइन के मुताबिक सिनेमा / थिएटर / मल्टीप्लेक्स को 50% क्षमता के साथ खोलने की अनुमति होगी, जिसके लिए I&B मंत्रालय द्वारा SOP जारी की जाएगी।

गाइडलाइन के मुताबिक कंटेनमेंट जोन में 31 अक्टूबर तक लॉकडाउन सख़्ती से लागू रहेगा। वहीँ सामाजिक / शैक्षणिक / खेल / मनोरंजन / सांस्कृतिक / धार्मिक / राजनीतिक सम्मेलन और अन्य मंडलियों को कंटेनमेंट जोन के बाहर 100 व्यक्तियों की अधिकतम क्षमता के साथ मंजूरी होगी।

क्या हुए बदलाव:

सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के मुताबिक 15 अक्टूबर से 50 प्रतिशत सीटों के साथ सिनेमा हॉल खुल जाएंगे। हालांकि इसके लिए कुछ नियम होंगे जिसे बाद में सूचना प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी किया जाएगा।

अनलॉक-5 में बी टू बी बिजनेस एग्जीविशन को भी खोलने की अनुमति दी गई है। इसके लिए भी गाइडलाइंस वाणिज्य मंत्रालय द्वारा जल्द जारी किया जाएगा।

खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देने के लिहाज से अभी स्वीमिंग पूल को भी खोलने की इजाजत दे दी गई है। हालांकि इसके लिए भी खेल मंत्रालय की ओर गाइडलाइंस जारी किया जाएगा।

स्कूल और कोचिंग संस्थानों को खोलने के लिए फिलहाल गाइडलाइंस में कोई बात नहीं कही गई है लेकिन ये फैसला राज्य सरकारों को 15 अक्टूबर के बाद लेने की अनुमति दे दी है लेकिन इसके लिए परिवार की मंजूरी फिर भी लेना अनिवार्य रखा गया है।

उच्च शिक्षा संस्थानों में केवल पीएचडी और विज्ञान और प्रौद्योगिकी स्ट्रीम में स्नातकोत्तर छात्रों के लिए प्रयोगशाला और प्रयोगात्मक कार्यों की अनुमति होगी। जिन्हें 15 अक्तूबर से खोलने की इजाजत दी गई है।

अनलॉक-5 में ऑनलाइन और दूरस्थ शिक्षा अब भी ऑप्शनल बना रहेगा। जहां स्कूल ऑनलाइन कक्षाएं संचालित हो रही हैं, वो जारी रहेगी। कुछ छात्र फिजिकल रूप से उपस्थित होने के बजाय ऑनलाइन कक्षाओं में भाग लेना पसंद करते हैं, उन्हें ऐसा करने की अनुमति दी जा सकती है।

वहीँ दूसरी तरफ महाराष्ट्र में लॉकडाउन को 31 अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया है। हालांकि राज्य सरकार ने होटल, फूड कोर्ट, रेस्तरां और बार को 5 अक्टूबर से 50% क्षमता के साथ संचालित करने की अनुमति दे दी है।

TeamDigital