केक काटकर मनाया पूर्व पीएम राजीव गांधी का जन्म दिन, वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने बढ़ाया कांग्रेसियों का जोश
अलीगढ़। देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के 81वे जन्म दिवस के अवसर पर सम्राठ लॉज में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री का भावपूर्ण स्मरण किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में केक काटा गया और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सदस्य उमेश पंडित तथा विशिष्ट अतिथि प्रदेश कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष बदरुद्दीन कुरैशी की मौजूदगी ने कांग्रेसजनो का हौसला बढ़ाया।
कांग्रेस (एससी/एसटी विभाग) के प्रदेश महासचिव सागर सिंह तोमर ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का स्मरण करते हुए कहा कि स्वर्गीय राजीव जी मानते थे कि सशक्त जनता ही सशक्त राष्ट्र की नींव है। लिहाज़ा उन्होंने भारत में कंप्यूटर क्रांति की शुरुआत कर देश को भविष्य की तकनीक से जोड़ा और पंचायती राज व्यवस्था के माध्यम से आम जनता को अधिकारों की सीधी भागीदारी दिलाई। यदि उन्हें और समय मिलता तो भारत विकास की ऊँचाइयों तक पहुंच चुका होता।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अल्पसंख्यक विभाग) के महासचिव विंसेंट जोएल ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को बेहद दूरदर्शी और महान नेता बताते हुए कहा कि राजीव जी ने न सिर्फ सूचना तकनीक के क्षेत्र में देश को आगे बढ़ाया बल्कि उन्ही के शासन काल में युवाओं को 18 साल की उम्र में मताधिकार का हक भी मिला।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने दुनिया में भारत को एक मजबूत देश के रूप में प्रस्तुत किया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
महिला कांग्रेस नेता लीना कुमार ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने 1986 नई शिक्षा नीति लागू की, जिसकी वजह से देश में व्यावसायिक शिक्षा और प्रोधोगिकी आधारित शिक्षा को बढ़ावा मिला। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने ही 21वीं सदी के भारत के निर्माण की नीव रखी और उन्ही के शासनकाल में पंचायत में महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रस्ताव रखा गया था।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं माजिन ज़ैदी, वसी अहमद, अनवर अकील, अनीता करोतिया ने भी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का भावपूर्ण स्मरण किया और देश के लिए उनके योगदान को सराहा।

