प्लेन क्रैश में गुजरात के पूर्व सीएम की मौत की पुष्टि, टाटा समूह ने मृतकों के लिए किया मुआवजे का एलान
अहमदाबाद। अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की मौत की पुष्टि हो गई है। रुपाणी भी इसी हवाई जहाज से सफर कर रहे थे।
बता दें कि एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान (AI171), अहमदाबाद से लंदन के गैटविक हवाई अड्डे के लिए उड़ान भर रहा था। जो टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद मेघानी नगर के पास एक आवासीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 200 से अधिक लोगों की जान चली गई, इस प्लेन में पायलट और क्रू मेंबर समेत करीब 242 यात्री सवार थे।
हादसे के बाद एयर इंडिया की संचालक कंपनी टाटा ग्रुप ने तत्काल राहत और सहायता की घोषणा की।
टाटा संस के चेयरपर्सन एन. चंद्रशेखरन ने एक बयान में गहरा दुख और संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ‘हम इस त्रासदी से गहरे सदमे में हैं। टाटा ग्रुप मृतकों के परिजनों को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान करेगा। इसके साथ ही, हम घायलों के इलाज का पूरा खर्च वहन करेंगे और उनकी हर संभव देखभाल सुनिश्चित करेंगे।’
किसी के बचने की संभावना नहीं: पुलिस कमिश्नर
एक न्यूज एजेंसी ने अहमदाबाद आयुक्त जीएस मलिक के हवाले से बताया, ‘ऐसा प्रतीत होता है कि विमान दुर्घटना में कोई भी जीवित नहीं बचा है।’
उन्होंने कहा कि चूंकि विमान आवासीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जहां कार्यालय भी थे, इसलिए ‘कुछ स्थानीय लोग भी मारे गए होंगे।’
उन्होंने कहा, ‘हताहतों की सटीक संख्या का पता लगाया जा रहा है।’ बता दें कि, एअर इंडिया का ये विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 240 से अधिक लोग सवार थे।
