पूर्व क्रिकेटर शेन वॉर्न का ‘संदिग्ध दिल का दौरा’ पड़ने’ से निधन

पूर्व क्रिकेटर शेन वॉर्न का ‘संदिग्ध दिल का दौरा’ पड़ने’ से निधन

नई दिल्ली। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन वॉर्न का 52 साल की उम्र में ‘संदिग्ध दिल का दौरा पड़ने’ से निधन हो गया। फॉक्स स्पोर्ट्स न्यूज़ के मुताबिक शेन वार्न के मैनेजमेंट की ओर से जारी एक संक्षिप्त बयान में बताया गया कि महान लेग स्पिनर की थाईलैंड के कोह समुई में मौत हो गई। उनकी मौत संभवतः हार्ट अटैक से हुई है।

शेन वॉर्न के निधन पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदन लाल ने शेन वॉर्न के निधन पर गहरा दुःख जताया है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए मदनलाल ने कहा कि इस ख़बर ने पूरे क्रिकेट जगत को हिला दिया। मैं उनकी कॉमेंट्री बहुत पसंद करता था। उनसे अच्छा लेग स्पिनर दुनिया में आज तक नहीं हुआ है। आज भी लोग उनके वीडियो देखते हैं।

शेन वॉर्न के निधन पर भारतीय क्रिकेटर अमित मिश्रा ने कहा कि मेरे लिए ये बहुत बड़ा शोक है। मैंने उनको देखकर बहुत कुछ सीखा है। बहुत अच्छे इंसान थे। वे एक वॉरियर थे, वे अपने देश के लिए मैच में प्रदर्शन करने और अपनी टीम को जिताने के लिए मैदान में उतरते थे।

पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने उनकी तस्वीर के साथ ट्वीट करते हुए लिखा, ‘यकीन नहीं कर सकता। महान स्पिनरों में से एक, स्पिन को कूल बनाने वाले सुपरस्टार शेन वॉर्न नहीं रहे। उनके परिवार, दोस्तों, दुनिया भर में उनके फैंस के प्रति मेरी संवेदनाएं।’

दुनिया के महान गेंदबाजों में शुमार शेन वॉर्न का जन्म विक्टोरिया में 13 सितंबर 1969 को हुआ था। अपने करियर में 145 टेस्ट, 194 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। उन्होंने टेस्ट में 708 और वनडे फॉर्मेट में कुल 293 विकेट लिए। इसके अलावा फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 1319 विकेट दर्ज हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital