अनुछेद 370 की वर्षगांठ पर बोले फारूक अब्दुल्ला, “मुझे शांति आती नहीं दिख रही”
नई दिल्ली। देश में आज अनुच्छेद 370 और 35A हटाए जाने के 6 साल पूरे हो गए हैं। एक तरफ इन 6 सालों में जम्मू-कश्मीर में हुए विकास पर बात की जा रही है। दूसरी तरफ नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला का बयान सामने आया है। इस दौरान उन्होंने सरकार पर हमला बोला है। फारुक अब्दुल्ला ने कहा कि ‘मुझे शांति आती नहीं दिख रही है, हमारे मजबूत पड़ोसी हैं, चाहे वह चीन हो या पाकिस्तान हो।’
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने सरकार निशाना साधते हुए कहा कि ‘मुझे जम्मू-कश्मीर में शांति आती नजर नहीं आ रही है। मुझे लगता है कि हम यह सोचकर मूर्खता कर रहे हैं कि यहां पर रातोंरात शांति आ जाएगी।’
इसके साथ ही फारूक अब्दुल्ला ने पाकिस्तान और चीन दोनों को एक मजबूत पड़ोसी बताते हुए कहा कि ‘हमें कोई रास्ता निकालना होगा। इसके लिए जंग कोई रास्ता नहीं हो सकता है। आपको कलम उठाकर बातचीत करनी ही होगी, इससे हमें कितना नुकसान होगा।’
फारूक अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा देने पर कहा कि ‘सरकार ये दर्जा कब लौटाएगी? साथ ही उन्होंने 370 हटाने के बाद इन 6 सालों में जम्मू-कश्मीर की बेहतरी पर भी सवाल किए। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब तक क्या किया? कुलगाम में चल रहे एनकाउंटर पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि ‘जिस तरह से हम आगे बढ़ रहे हैं, इस देश का भविष्य क्या है, उससे मुझे बहुत दुख हो रहा है।’
