महाराष्ट्र में किसानों की खुदकुशी पर राहुल गांधी का सरकार पर हमला: किसान मर रहे हैं, सरकार तमाशा देख रही है

महाराष्ट्र में किसानों की खुदकुशी पर राहुल गांधी का सरकार पर हमला: किसान मर रहे हैं, सरकार तमाशा देख रही है

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या को लेकर बृहस्पतिवार को केंद्र एवं राज्य सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार के स्तर पर चुप्पी तथा बेरुखी देखी जा रही है।

उन्होंने यह दावा भी किया कि यह “सिस्टम” किसानों को मार रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने “पीआर” का तमाशा देख रहे हैं।

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा कि सोचिए.. सिर्फ 3 महीनों में महाराष्ट्र में 767 किसानों ने आत्महत्या कर ली।

राहुल गांधी ने सरकार से सवाल किया कि क्या ये सिर्फ एक आंकड़ा है? नहीं। ये 767 उजड़े हुए घर हैं। 767 परिवार जो कभी नहीं संभल पाएंगे। और सरकार? चुप है। बेरुखी से देख रही है। किसान हर दिन कर्ज में और गहराई तक डूब रहा है – बीज महंगे हैं, खाद महंगी है, डीजल महंगा है… लेकिन MSP की कोई गारंटी नहीं। जब वो कर्ज़ माफ़ी की मांग करते हैं, तो उन्हें नजरअंदाज कर दिया जाता है।

जिनके पास करोड़ों हैं? उनके लोन मोदी सरकार आराम से माफ कर देती है। आज की ही खबर देख लीजिए- अनिल अंबानी का 48,000 करोड़ का SBI ‘फ्रॉड’। मोदी जी ने कहा था, किसान की आमदनी दोगुनी करेंगे – आज हाल ये है कि अन्नदाता की ज़िंदगी ही आधी हो रही है। ये सिस्टम किसानों को मार रहा है – चुपचाप, लेकिन लगातार और मोदी जी अपने ही PR का तमाशा देख रहे हैं।

बता दें कि महाराष्ट्र में किसानों की आत्म हत्या के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। पिछले तीन महीने का आंकड़ा देखें तो 767 किसानों ने आत्म हत्या की है।

TeamDigital