किसान आंदोलन जारी, यूथ कांग्रेस ने सीएम आवास पर किया प्रदर्शन

किसान आंदोलन जारी, यूथ कांग्रेस ने सीएम आवास पर किया प्रदर्शन

नई दिल्ली। कल किसान यूनियनों के प्रतिनिधियों और सरकार के बीच हुई बातचीत के बाद आज किसान आंदोलन और तेज हो गया है। टिकरी और सिंधु बॉर्डर पर किसान आंदोलन में शामिल होने वालो की भीड़ में भी बढ़ोत्तरी देखी गई।

इस बीच गौतम बुद्ध द्वार के पास किसान आंदोलन के कारण नोएडा-लिंक रोड पर स्थित चिल्ला बॉर्डर पर आवाजाही बंद कर दी गई है। प्रदर्शनकारी किसानों ने गाज़ीपुर-गाजियाबाद (दिल्ली-यूपी) सीमा पर लगाए गए बैरिकेडिंग को हटाने की कोशिश की।

आज युवक कांग्रेस ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खटटर के आवास पर प्रदर्शन किया। युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने बेरिकेटिंग लगाकार वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

किसान मज़दूर संघर्ष कमेटी के सदस्य ने कहा कि हमारी जो कल बैठक हुई उसमें सरकार ने एक कमेटी बनाने की बात कही,लेकिन हमने पहले भी देखा है कि देश में कुछ भी घपला होता है तो उसके लिए कमेटी बनती है लेकिन आज तक किसी भी कमेटी का हल नहीं निकला इसलिए हमारी मांग है कृषि कानूनों को जल्दी रद्द किया जाए।

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आरोप लगाया है कि जो मोदी सरकार किसानों की आय को दोगुनी करने के संकल्प के साथ काम कर रही हो। ऐसी सरकार की नीति और नियत पर कैसे शक कर सकते हैं? सरकार ने बातचीत के रास्ते खोल रखे हैं।जो किसानों को बहका रहे है उनकी नियत में खोट है। वे किसानों के हितैषी नहीं है।

देश के अलग अलग हिस्सों से किसानो का आंदोलन में भाग लेने के लिए आना जारी है। बेंगलुरु में वकीलों ने किसान आंदोलन के समर्थन में सिविल कोर्ट के बाहर प्रदर्शन किया। वहीँ मध्य प्रदेश से बड़ी तादाद में किसान दिल्ली पहुंचे हैं।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि मुझे लगता है कि केंद्र सरकार ने फिर से एक ऐसे वर्ग पर प्रहार किया है जिनकी बदौलत देश चलता है। देश के लोगों का पेट भरता है। यह चिंता का विषय है जब अन्नदाता ही सड़कों पर उतर जाएं।

वहीँ किसानो की मांगो पर विचार करने के लिए आज एक बार फिर गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तौमर और पीयूष गोयल के साथ बैठक की है। बैठक में क्या फैसला हुआ अभी इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital