राज्यसभा की 18 सीटों के लिए चुनाव की तारीख तय, 19 जून को होगा मतदान
नई दिल्ली। राज्य सभा की 18 सीटों के चुनाव के लिए मतदान की तारीख का एलान हो गया है। देश के अलग अलग राज्यों की 18 सीटों के लिए 19 जून को मतदान होगा।
जिन राज्यों में राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होना है उनमे आंध्र प्रदेश की चार सीटें, गुजरात की चार सीटें, मध्य प्रदेश की तीन और राजस्थान की तीन सीटें, झारखंड की दो सीटें और मेघालय एवं मणिपुर की एक-एक सीट शामिल हैं।
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के चलते राज्य सभा के चुनाव स्थगित कर दिए गए थे। चुनाव आयोग की ओर से कहा गया है कि राज्यसभा की खाली सीटों के लिए चुनाव लंबित था। अब उन सीटों पर 19 जून को चुनाव कराया जाएगा।
इससे पहले इसी साल फरवरी महीने में चुनाव आयोग ने 17 राज्यों की 55 सीटों के लिए चुनाव की घोषणा की थी। मार्च में 10 राज्यों की 37 सीटों पर निर्विरोध चुनाव हुआ।
इनमे छत्तीसगढ़ की दो राज्यसभा सीटों के लिए कांग्रेस उम्मीदवार फूलो देवी नेताम और केटीएस तुलसी निर्विरोध राज्यसभा के लिए चुने गए।
वहीँ हरियाणा की तीन राज्य सभा सीटों के लिए हुए चुनाव में बीजेपी के दो उम्मीदवार रामचंद्र जांगड़ा और दुष्यंत गौतम निर्विरोध निर्वाचित हुए वहीँ एक सीट पर कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्डा निर्वाचित घोषित किये गए हैं।अब बची हुई सीटों पर चुनाव कराने का फैसला लिया गया है।
जिन राज्यों में राज्य सभा के लिए चुनाव हो रहे हैं उनमे मध्य प्रदेश में कांग्रेस की तरफ से दिग्विजय सिंह और बीजेपी की तरफ से ज्योतिरादित्य सिंधिया अहम उम्मीदवार हैं।
कांग्रेस ने राजस्थान से के.सी. वेणुगोपाल और नीरज दांगी, मेघालय से केनेडी कॉर्नेलियस, गुजरात से भरत सिंह सोलंकी और शक्ति सिंह गोहिल, महाराष्ट्र से राजीव सातव और झारखंड से शहज़ादा अनवर को उम्मीदवार बनाया है।
