उपराष्ट्रपति चुनाव की तैयारी में जुटा चुनाव आयोग, कांग्रेस की तरफ से कौन होगा उम्मीदवार?

उपराष्ट्रपति चुनाव की तैयारी में जुटा चुनाव आयोग, कांग्रेस की तरफ से कौन होगा उम्मीदवार?

नई दिल्ली। जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद अब उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंगलवार को जारी अपने राजपत्र (गजट) के माध्यम से धनखड़ के इस्तीफे को अधिसूचित किया।

निर्वाचन आयोग ने नए उपराष्ट्रपति के चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रारंभिक तैयारियां पूर्ण होते ही चुनाव कार्यक्रम की घोषणा जल्द ही की जाएगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से पूर्व मुख्य गतिविधियां इस प्रकार होती हैं- निर्वाचक मंडल की तैयारी, जिसमें लोकसभा और राज्यसभा के निर्वाचित व मनोनीत सदस्य शामिल होते हैं।

जगदीप धनखड़ के इस्तीफा देने के बाद बुधवार को खरगे ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हम इंडिया ग्रुप के दलों की एक बैठक बुलाएंगे और उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए क्या करना है, इस पर सामूहिक निर्णय लेंगे।

खरगे ने आगे कहा कि किसी भी निर्णय पर पहुंचने के लिए सभी दलों से बातचीत करना जरूरी है और यह गठबंधन संसद के अंदर और बाहर के मुद्दों पर मिलकर काम करेगा।

बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को उपराष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धनखड़ के लिए अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “जगदीप धनखड़ जी को भारत के उपराष्ट्रपति सहित कई भूमिकाओं में देश की सेवा करने का अवसर मिला है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”

TeamDigital