बीजेपी के इशारे पर चुनाव आयोग हटा रहा वोटर लिस्ट से लोगों का नाम: तेजस्वी

बीजेपी के इशारे पर चुनाव आयोग हटा रहा वोटर लिस्ट से लोगों का नाम: तेजस्वी

पटना। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) चुनाव आयोग को आगे कर चुनाव में धांधली कर रही है। चुनाव आयोग सुप्रीम कोर्ट तक की बात नहीं माना रहा है, आयोग संवैधानिक संस्थान होने का दुरुपयोग कर रहा है।

विपक्ष बिहार में चल रहे एसआईआर का विरोध कर रहा है। उनका आरोप है कि चुनाव आयोग बीजेपी के इशारे पर लोगों का नाम वोटर लिस्ट से हटा रहा है ताकि चुनाव में बीजेपी को फायदा पहुंचाया जा सके।

तेजस्वी यादव ने पटना में मीडिया से बात करते हुए कहा, “यह बिहार का दुर्भाग्य है। लगातार कई मतदाताओं का नाम काटा जा रहा है, कई लोगों के पास दस्तावेज नहीं है और कई लोग ऐसे हैं जो बिहार के बाहर रह रहे हैं लेकिन बिहार में ही मतदान करते हैं।“

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि एसआईआर बीजेपी का षड्यंत्र है और बीजेपी, चुनाव आयोग को आगे करके अपना काम करवा रही है। तेजस्वी ने कहा, “बिहार को जरूरत विशेष पैकेज और विशेष राज्य के दर्जे की थी ताकि बिहार आगे बढ़े। लेकिन SIR करवाया जा रहा है। SIR का कोई विरोध नहीं कर रहा है बल्कि उसकी प्रक्रिया का विरोध है।“

तेजस्वी ने कहा कि कई बार चुनाव आयोग सुप्रीम कोर्ट की भी बात को नहीं मान रहा है। चुनाव आयोग संवैधानिक संस्थान होने का दुरुपयोग कर रहा है।

TeamDigital