हिमाचल में प्रचार का शोर थमा, आखिरी दिन पार्टियों ने झौंकी पूरी ताकत

हिमाचल में प्रचार का शोर थमा, आखिरी दिन पार्टियों ने झौंकी पूरी ताकत

शिमला। हिमाचल में विधानसभा चुनाव के लिए आज प्रचार का अंतिम दिन था। प्रचार के अंतिम दिन आज कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झौंक दी।

बीजेपी की तरफ से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई शीर्ष नेता चुनाव प्रचार में उतरे वहीँ कांग्रेस की तरफ से पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने आज हिमाचल प्रदेश में अलग अलग क्षेत्रो में पसीना बहाया।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सिरमौर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ये बात कह रही है कि जिस दिन नई सरकार के मंत्रिमंडल की बैठक होगी उसी दिन यह फैसला होगा कि आपको(नौजवान) 1 लाख रोजगार दिए जाएंगे। ये आपका हक है।

इसके साथ ही पहली मंत्रिमंडल की बैठक में पुरानी पेंशन योजना पर भी फैसला होगा। कांग्रेस पार्टी आपके लिए काम करना चाहती है। हमने निर्णय लिया है कि हर विधानसभा में 4 अंग्रेजी माध्यम स्कूल बनाएंगे ताकि आपके प्रदेश में शिक्षा को नई शक्ति मिले।

वहीँ छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर रोटी सेकते समय उसे नहीं पलटें तो रोटी जल जाती है और इसलिए जयराम ठाकुर को जयराम जी कहते हुए आप सब को परिवर्तन लाना है।कांग्रेस पार्टी की सरकार बनते ही 10 दिनों में OPS लाएंगे और 1 लाख लोगों को नौकरी और 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त देंगे।

हिमाचल में कांग्रेस एक तरफा चुनाव जीत रही है: गहलोत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एलान किया है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस एकतरफा चुनाव जीत रही है। जयपुर में पत्रकारों से बात करते हुए गहलोत ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस एकतरफा चुनाव जीत रही है। गुजरात में भी अच्छा माहौल है वहां भी सरकार के खिलाफ भयंकर लहर है। वहां पर बेरोजगारी है अभी नकली शराब के कारण 70 लोगों मारे गए। मोरबी ब्रिज हादसे पर कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा है।

पहले 5 साल के लिए आपको चूना लग जाता था: नड्डा

बिलासपुर के घुमारवीं में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पहले चुनाव आता था, तो चिल्लाने लगते थे कि सड़क बनेगी, सड़क बनेगी। उसके बाद पहाड़ पर चूना लगा दिया जाता था और गांववाले खुश हो जाते थे। जब बारिश आती थी, चूना धुल जाता था और 5 साल के लिए आपको चूना लग जाता था।

उन्होंने कहा कि कभी सोचा था कि बिलासपुर में AIIMS होगा? कभी सोचा था देश का एक हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज अकेला बिलासपुर में होगा? कभी सोचा था फोर-लेन बनेगा और आप 35 मिनट में किरतपुर पहुंचेंगे? ये विकास डबल इंजन सरकार ने किया, क्योंकि ये बदलता भारत है।

कांग्रेस की गारंटी का कोई महत्व नहीं है: शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पालनपुर में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह (कांग्रेस) गारंटी बांटते फिरते हैं। उसकी गारंटी का महत्व है जिसकी कोई इज्जत या आबरू हो। जिन लोगों ने 10 साल में 12 लाख करोड़ रुपए के घपले, घोटाले, भ्रष्टाचार किए उनकी गारंटी को हिमाचल की चतुर जनता मानेगी? हिमाचल वाले कांक्रीट काम मानते हैं।

शाह ने सभा में कहा कि मैं हिमाचल की माताओं को प्रणाम करता हूं। पूरे देश में अगर किसी ने सबसे ज़्यादा वीर सपूत सीमा पर भेजने का काम किया वह हिमाचल की वीरांगना माताओं ने किया है।सोमनाथ शर्मा, विक्रम बत्रा, संदीप कालीया अनेक वीर सपूत मां भारती के चरणों में समर्पित किए।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital