पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए राहुल को मनाने की कवायद जारी

पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए राहुल को मनाने की कवायद जारी

नई दिल्ली। कांग्रेस में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को नामांकन दाखिल करने के लिए कांग्रेस के कई सीनियर नेता मनाने की कोशिश में जुटे हैं।

सूत्रों की माने तो पार्टी के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद, अंबिका सोनी, मल्लिकार्जुन खड़के, सहित कई सीनियर नेताओं ने राहुल गांधी से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की सिफारिश की है।

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के अंदर एक गुट का मानना है कि यदि गांधी परिवार से बाहर का कोई पार्टी की कमान संभालता है तो पार्टी के एकजुट रहने की कोई गारंटी नहीं है। वहीँ G-23 से जुड़े कुछ कांग्रेस नेता अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने की तैयारियों में जुट गए हैं। इसी क्रम में अभी हाल ही में शशि थरूर का नाम भी सामने आया है।

सूत्रों की माने तो यदि राहुल गांधी चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं हुए तो पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद गांधी परिवार से बाहर जाना तय है। सूत्रों ने कहा कि ऐसी स्थिति में गांधी परिवार के सबसे भरोसेमंद लोगों में से ही कोई पार्टी की कमान संभालेंगे।

यह पूछे जाने पर कि अध्यक्ष पद के लिए गांधी परिवार के भरोसेमंद लोगों में कौन कौन चेहरे हो सकते हैं ? इसके जबाव में सूत्रों ने कहा कि करीब एक दर्जन कांग्रेस नेता इस लिस्ट में शामिल हैं। इनमे मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल, मुकुल वासनिक, मीरा कुमार व प्रमोद तिवारी के नाम शामिल हैं।

पार्टी सूत्रों की माने तो फ़िलहाल गांधी परिवार के वफादार राहुल गांधी को मनाने की कोशिशों में जुटे हैं और राहुल अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे या नही यह जल्द सामने आ जायेगा।

क्या है चुनाव कार्यक्रम:

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए पार्टी द्वारा जारी किये गए नोटिफिकेशन के मुताबिक चुनाव के लिए 22 सितंबर को चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होगी और 17 अक्टूबर को चुनाव होगा। अगर एक अधिक उम्मीदवार नामांकन दाखिल करता है तो मतदान के बाद 19 अक्टूबर को मतगणना होगी और नए अध्यक्ष के नाम का एलान किया जाएगा।

TeamDigital