जिस थाने में शिवराज ने मुझ पर दर्ज कराई एफआईआर, उसी थाने में उनके खिलाफ दर्ज कराऊंगा

जिस थाने में शिवराज ने मुझ पर दर्ज कराई एफआईआर, उसी थाने में उनके खिलाफ दर्ज कराऊंगा

भोपाल ब्यूरो। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के एक वीडियो को लेकर राजनीति गर्म हो गई है। कल वीडियो में छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की तरफ से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था।

दरअसल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का एक वीडियो कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ट्विटर पर शेयर किया था। जिसमे वे कहते दिख रहे हैं कि प्रदेश भर में इतनी शराब फैला दो कि लोग पीएं और पड़े रहें। शिवराज सिंह का आरोप है कि इस वीडियो से छेड़छाड़ कर इसके कुछ अंश काट दिए गए हैं।

अब कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने चुनौती देते हुए कहा है कि वे उसी थाने में शिवराज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराएँगे जिस थाने में उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।

दिग्विजय सिंह एक साल पुराने उस मामले को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ मामला दर्ज कराएँगे। यह मामला तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से एक वीडियो से जुड़ा है।

दरअसल शिवराज सिंह चौहान ने जो वीडियो को शेयर किया था वह राहुल गांधी के एक लंबे वीडियो का छोटा सा हिस्सा था, जिसे एडिट करके इस तरह से पेश किया गया ताकि सुनने में ऐसा लगे कि राहुल गांधी मुख्यमंत्री का नाम भूल गए हैं।

राहुल गांधी ने कमलनाथ का नाम लिया था लेकिन उसमें छेड़छाड़ कर ऐसा एडिट किया गया था कि वो भूपेश बघेल को मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बोलते सुनायी दे रहे थे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह वीडियो अपने ट्विटर एकाउंट से शेयर करते हुए टिप्पणी भी की थी। शिवराज सिंह ने लिखा था कि ‘अरे यह क्या? राहुल जी भाषण में ही सही, समय पर किसान कर्ज माफी ना करने पर आखिरकार आपने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बदल ही दिए. क्या बात है, आप ऐसे महान व्यक्ति हैं, जो बड़े काम चुटकी में कर सकते हैं।’

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital