दिल्ली में आज से रात का कर्फ्यू लागू

दिल्ली में आज से रात का कर्फ्यू लागू

नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलो के बीच दिल्ली में आज से रात का कर्फ्यू लागू किया गया है। दिल्ली में रहेगा 6 अप्रेल से 30 अप्रेल तक रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक रात्रि का कर्फ्यू जारी रहेगा।

इस दौरान स्वास्थ्य से लेकर रोजमर्रा की जरूरी चीजों की आपूर्ति में कोई रुकावट न आए इसके लिए ई-पास जारी होगा जिसे लेकर वो लोग कहीं भी आ जा सकते हैं जिन्हें नाइट कर्फ्यू में छूट मिली है।

गाइडलाइन के मुताबिक अगर कोई व्यक्ति नाइट कर्फ्यू के नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट 2005 की धारा 51 से लेकर 60 तक में दिए प्रावधानों और आईपीसी की धारा 188 व अन्य कानूनों के तहत कार्रवाई होगी।

दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता चिन्मय बिस्वाल ने बताया कि DDMA ने कोरोना की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू का आदेश दिया है। दिल्ली पुलिस इसे सख्ती से लागू करेगी। सभी संबंधितों को आदेश में दिए गए प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन करना होगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने आवश्यक सेवाओं और वस्तुओं के लिए लगे व्यक्तियों के लिए पहले भी पास जारी किए थे। मांग पर नए सिरे से मूवमेंट पास फिर से जारी किए जाएंगे। इसके लिए आवेदन करने के लिए दिल्ली पुलिस की वेबसाइट पर भी जा सकते हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, दिल्ली, मध्य प्रदेश और गुजरात में कोरोना वायरस के नए मामलों में बढ़ोतरी हुई है। कोरोना वायरस के 80.04% नए मामले इन 8 राज्यों से हैं।

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 96,982 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,26,86,049 हुई। 446 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,65,547 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 7,88,223 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,17,32,279 है।

वहीँ दिल्ली में कल शाम तक कोरोना संक्रमण के 3,548 नए मामले सामने आए हैं तथा 15 लोगों की मृत्यु हुई। कल शाम तक राज्य में सक्रिय मामलो की संख्या बढ़कर14,589 हो गई है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital