दिल्ली: मनीष सिसोदिया ने कहा ’31 जुलाई तक कोरोना मरीजों की संख्या हो सकती हैं 5.5 लाख’
नई दिल्ली। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने राजधानी में कोरोना संक्रमण को लेकर बड़ा बयान दिया है। सिसोदिया ने राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस बैठक में केंद्र सरकार के अधिकारी भी मौजूद थे और उन्होंने कहा है कि दिल्ली में अभी सामुदायिक फैलाव की स्थिति नहीं है, इसलिए इस पर चर्चा करने की आवश्यकता नहीं है।
सिसोदिया ने दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मरीजों की बढ़ती तादाद के लिए अस्पतालों में अतिरिक्त बैड की मांग को दोहराते हुए कहा कि 15 जून तक, 44,000 मामले होंगे और 6,600 बेड की आवश्यकता होगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में 30 जून तक कोरोना संक्रमण के मामले 1 लाख तक पहुंच जाएंगे और 15,000 बेड की आवश्यकता होगी। वहीँ 15 जुलाई तक 2.25 लाख मामले होंगे और 33,000बेड की जरूरत होगी। 31 जुलाई तक, 5.5 लाख मामलों की उम्मीद है और 80,000 बेड की जरूरत होगी।
सिसोदिया ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि दिल्ली में कोरोना वायरस का कम्यूनिटी ट्रांसमिशन हो रहा है, लेकिन केंद्र के अधिकारी कह रहे हैं कि अभी कम्युनिटी स्प्रेड नहीं हो रहा है।
इससे पहले दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने भी साफ तौर पर कहा था कि दिल्ली में कम्यूनिटी स्प्रेड शुरू हो चुका है। लेकिन फिलहाल केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों ने आज की बैठक में इसे मानने से इनकार कर दिया। मीटिंग के बाद भी जैन ने कहा कि दिल्ली सरकार साफ कह रही है कि कम्यूनिटी स्प्रेड है लेकिन इसे घोषित करने का अधिकार केंद्र सरकार के ही पास है।
गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामलो में तेजी आई है। स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था को बनाये रखने के लिए दिल्ली सरकार ने एक सप्ताह तक दिल्ली के बॉर्डर सील करने का एलान भी किया था। जिससे दूसरे राज्यों के नए मरीज दिल्ली में न आएं। फ़िलहाल दिल्ली के सभी बॉर्डर खोल दिए गए हैं।
