देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद हुई दस हज़ार के पार
नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की तेजी से बढ़ रही है। पिछले पांच दिनों में कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलो के बीच सब देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद दस हज़ार के पार पहुँच चुकी है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 10,363 पहुंच गई है। जबकि 1036 मरीज ठीक हो चुके हैं।
वहीँ कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद के साथ ही इस महामारी से मरने वालों का आंकड़ा भी बढ़ गया है। देश में अब तक कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 339 पहुंच गया है। बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1211 नए मामले सामने आए हैं और 31 लोगों की मौत हुई है।
महाराष्ट्र और दिल्ली में कोरोना का प्रभाव सबसे ज्यादा दिखाई दे रहा है। इसके अलावा मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश में भी प्रतिदिन कोरोना संक्रमण के नए केस सामने आ रहे हैं।
इस बीच कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ते प्रभाव को देखते हुए देशभर में लॉकडाउन की अवधि बढाकर 3मई कर दी गयी है। भारतीय रेलवे ने अपनी सभी यात्री ट्रेनों को 3 मई तक स्थगित रखने का एलान किया है। रेल मंत्रालय के मुताबिक प्रीमियम ट्रेनों, मेल / एक्सप्रेस ट्रेनों, पैसेंजर ट्रेनों, उपनगरीय ट्रेनों, कोलकाता मेट्रो रेल, कोंकण रेलवे आदि सहित भारतीय रेल की सभी यात्री ट्रेन सेवाएं 3 मई तक निलंबित रहेंगी।
आंध्र प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 34 और मामले (गुंटूर में 16, कृष्णा में 8, कुरनूल में 7, अनंतपुरम में 2, और नेल्लोर में 1) सामने आए हैं।वायरस से 2 मौतें भी हुई हैं। राज्य में अब तक कुल 473 कोरोना वायरस मामले हैं जिनमें 14 डिस्चार्ज और 9 मौतें शामिल हैं।
गुजरात में कोरोना संक्रमण के 45 और मामले दर्ज किए गए। राज्य में कुल कोरोना वायरस मामले 617 हो गए हैं, जिनमें ठीक हुए 55 मामले और 26 मौतें शामिल हैं।
नागपुर (महाराष्ट्र) में आज कोरोना के 7 नए के मामले मिले हैं वहीँ मुंबई के धारावी इलाके में कोरोना संक्रमण के 6 और पॉजिटिव केस मिले हैं और वायरस से 2 और मौतें हुई हैं। धारावी में कुल पॉजिटिव मामले अब 55 हो गए हैं और मौतों की संख्या 7 हो गई है। वहीँ जयपुर(राजस्थान) में आज कोरोना संक्रमण के 48 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 945 हो गई है।
