रक्षा सौदे में भ्रष्टाचार मामले में जया जेटली व दो अन्य को चार साल कैद की सजा

रक्षा सौदे में भ्रष्टाचार मामले में जया जेटली व दो अन्य को चार साल कैद की सजा

नई दिल्ली। रक्षा सौदे में भ्रष्टाचार के मामले में समता पार्टी की पूर्व अध्यक्ष जया जेटली और दो अन्य लोगों को कोर्ट ने आज चार साल कैद की सजा सुनाई है। मामला 20 साल पहले का है जब अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार थी और जॉर्ज फर्नाडीज रक्षा मंत्री थे। इस दौरान तहलका न्यूज़ पोर्टल के स्टिंग में रक्षा सौदे के लिए आरोपी जया जेटली को रिश्वत लेते कैमरे में कैद किया था।

इस मामले में आज तीनों दोषियों जया जेटली, उनकी पार्टी के पूर्व सहयोगी सहयोगी गोपाल पचेरवाल और मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) एस. पी. मुरगई पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया और उन्हें आज शाम पांच बजे तक आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया है।

इससे पहले आज विशेष सीबीआई जज वीरेंदर भट के समक्ष सीबीआई की ओर से पेश वकील ने कोर्ट से कहा था कि दोषियों को अधिक से अधिक सजा देनी चाहिए, क्योंकि उनके द्वारा किए गए अपराध प्रकृति भी बेहद गंभीर है। सीबीआई ने कहा था कि तहलका न्यूज पोर्टल के स्टिंग ऑपरेशन के बाद इस मामले में आरोपियों की भूमिका खुलेतौर पर सबके सामने आई।

क्या है मामला:

जनवरी 2001 में रक्षा सौदों में भ्रष्टाचार उजागर करने के लिए तहलका द्वारा किये गए स्टिंग ऑपरेशन में काल्पनिक कंपनी बनाकर सेना के लिए हाथ से संचालित होने वाले थर्मल इमेजर्स की आपूर्ति ऑर्डर के लिए कई लोगों से संपर्क किया गया था। स्टिंग के दौरान रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नाडीज के आवास जया जेटली दो लाख रूपये रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद हो गई थीं। जिसके बाद रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नाडीज को इस्तीफा देना पड़ा था।

TeamDigital