कोर्ट से अनुमति मिली, शनिवार को CAA के खिलाफ भीम आर्मी करेगी संघ मुख्यालय के पास रैली

कोर्ट से अनुमति मिली, शनिवार को CAA के खिलाफ भीम आर्मी करेगी संघ मुख्यालय के पास रैली

मुंबई। बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर पीठ ने शुक्रवार को भीम आर्मी को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के नागपुर स्थित मुख्यालय के करीब रेशम बाग़ में रैली करने की अनुमति दे दी है।

जस्टिस सुनील बी शुक्रे और माधव जे जामदार की पीठ ने भीम आर्मी की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि याचिका को शर्तों के साथ मंजूरी दी गई है। कोर्ट ने कहा कि बैठक धरना या विरोध प्रदर्शन में तब्दील नहीं होना चाहिए और न ही भड़काऊ भाषण दिया जाएगा। वातावरण भी शांतिपूर्ण बना रहना चाहिए। यह केवल कार्यकर्ताओं की बैठक होगी।

कोर्ट ने इसके लिए भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को हलफनामा देने के लिए भी कहा है कि वे शर्तों का पालन करेंगे। पीठ ने चेतावनी दी है कि शर्तों का उल्लंघन होने पर आपराधिक कार्रवाई के साथ ही कोर्ट की तौहीन की कार्यवाही भी की जायेगी।

22 फरवरी को नागपुर के रेशमबाग में भीम आर्मी अपनी बैठक करेगा। इस बैठक में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आज़ाद मौजूद रहेंगे। इतना ही नहीं संघ मुख्यालय के समक्ष वे ध्वजारोहण भी करेंगे।

चंद्रशेखर आजाद ने ट्वीट कर कहा, ”मैं कल 2 बजे रेशमबाग नागपुर आ रहा हूं। फर्जी राष्ट्रवादियों का संगठन आरएसएस जिसने आज तक तिरंगे को सम्मान नही दिया कल हम उनके हेडक्वार्टर के सामने तिरंगा फहराएंगे। मैं चाहूंगा कि कल सभी साथी रेशमबाग तिरंगा लेकर पहुंचे और बता दें कि इनके भगवे पर हमारा तिरंगा भारी है।”

इससे पहले गुरुवार को कोर्ट में दाखिल हलफनामे में पुलिस ने तर्क दिया था कि जिस मैदान में संगठन ने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता पंजीकरण (एनआरसी) का विरोध करने के लिए मंजूरी मांगी है, वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुख्यालय के करीब है। संगठन के विचार और संघ के विचारों में विरोधाभास होने के कारण कानून और व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital