पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 1463 नए मामले, 60 की मौत, संक्रमितों की तादाद हुई 28,380
नई दिल्ली। सरकार के तमाम दावों के विपरीत कोरोना संक्रमण के मामलो में आई तेजी रुक नहीं रही है और पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना संक्रमण के 1463 मामले सामने आये हैं तथा 60 लोगों की मौत हुई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1463 नए मामले सामने आए हैं और 60 लोगों की मौत हो गई है, जो सर्वाधिक है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 28,380 हो गई है, जिसमें 21,132 सक्रिय हैं, 6362 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 886 लोगों की मौत हो चुकी है।
जम्मू और कश्मीर में अब तक कुल 546 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, जिनमें 375 सक्रिय मामले शामिल हैं – जम्मू में 58 और कश्मीर में 488 मामले मिले हैं, केंद्र शासित प्रदेश में मरने वालों की संख्या 7 हो गई है।
कर्नाटक में कलबुर्गी जिले में पॉजिटिव पाए गए 57 वर्षीय व्यक्ति का आज निधन हो गया; कलबुर्गी जिले में मरने वालों की संख्या 5 हो गई है, मृतक को सांस लेने में समस्या होने के चलते गुलबर्गा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया था। कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में 9 नए मामले सामने आए हैं,अब तक कुल 19 मौतें हुई हैं और 193 लोगों की ठीक होने के बाद छुट्टी दी गई है, कुल मामलों की संख्या 512 हो गई है। सक्रिय मामलों की संख्या 299 है।
मुंबई के धारावी इलाके में आज 13 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद 14 मौत सहित कुल मामलों की संख्या 288 हो गई है।
हरियाणा में आज 5 नए मामले सामने आए हैं; अब तक मिले कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या अब 301 हो गई है। कुल 3 मौतें भी रिपोर्ट की गई हैं।
चंडीगढ़ में आज कोरोना संक्रमण के 4 नए मामले सामने आए हैं; पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 40 हो गई है।
तमिलनाडु में आज कोरोना संक्रमण के 52 नए मामले सामने आए हैं, जिससे राज्य में कुल मामलों की संख्या 1,937 हो गई है।
उत्तराखंड में आज कोरोना संक्रमण का कोई नया मामला दर्ज नहीं किया गया। राज्य में कुल मामलों की संख्या 51 हो गई है।
ओडिशा में जाजपुर में एक 34 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, कुल मामलों की संख्या 111 हो गई है।
पश्चिम बंगाल में 47 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। अभी कुल सक्रिय कोरोना मामले 504 हैं।
बिहार में 5 और व्यक्तियों का कोरोना संक्रमण टेस्ट पॉजिटिव आया है। इसी के साथ बिहार में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 326 हो गई है।
उत्तर प्रदेश में 59 जिलों से अब तक कुल 1955 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, आज एक नया जिला झांसी इन संक्रमित जिलों में शामिल हुआ है। प्रदेश के मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद के मुताबिक प्रदेश में अभी 1589 सक्रिय मामले हैं, 335 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं, 31 लोगों की अब तक मौत हुई है।
