कोरोना संक्रमित मरीजों की बढ़ी रफ्तार, अब हुई 5 हज़ार के पार
नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद में पिछले 72 घंटो में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है और अब देश में कोरोना संक्रमित लोगों की तादाद पांच हज़ार के पार पहुँच चुकी है। सबसे ज़्यादा केस महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में रिपोर्ट किये गए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 773 नए मामले सामने आए हैं और 35 लोगों की मौत हुई है। इसी के साथ देशभर में संक्रमित मरीजों की संख्या 5194 हो गई। जिसमें से 4643 सक्रिय हैं, 401 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 149 लोगों की मौत हो चुकी है।
महाराष्ट्र में कोरोना पॉजिटिव के 60 नए मामले सामने आए हैं। इसमें से 44 नए मामले बृहन्मुंबई नगर निगम क्षेत्र में, पुणे नगर निगम क्षेत्र में नौ, नागपुर में चार, अहमदनगर, अकोला और बुल्ढाणा में एक-एक मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 1078 हो गई है।
वहीं, धारावी के मुकुंद नगर और धनवाड़ा चौल में एक-एक नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद धारावी में संक्रमितों की संख्या नौ हो गई है। यह महाराष्ट्र के लिए बड़ी चिंता की बात है क्योंकि धारावी एशिया का सबसे बड़ा झुग्गी बस्ती इलाका है।
मध्यप्रदेश के इंदौर में श्री अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में एक 49 वर्षीय कोरोना मरीज की मौत हो गई। अब तक इंदौर में कोरोना से कुल 16 लोगों की मौत हो गई है।
आंध्र प्रदेश के नोडल अधिकारी अर्जा श्रीकांत ने बताया कि मंगलवार शाम छह बजे से आज सुबह नौ बजे तक राज्य में कोरोना के 15 नए मामले सामने आए हैं। जिसमें नेल्लोर और कृष्णा के छह-छह और चित्तूर के तीन मामले शामिल हैं। इसी के साथ राज्य में कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 329 हो गई है, इसमें छह लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और चार लोगों की मौत हो गई है।
राजस्थान स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में कोरोना के पांच नए मामले सामने आए हैं। ये मामले बीकानेर, बांसवाड़ी और जयपुर में मिले हैं। ये सभी पहले से संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। इसी के साथ राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या 348 हो गई है।
बिहार स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव के अनुसार राज्य में कोरोना वायरस पॉजिटिव के मामले बढ़कर 38 हो गए हैं। मंगलवार को सीवान और बेगूसराय में दो-दो नए मामले सामने आए। उनके यात्रा इतिहास का पता लगाया जा रहा है।
मौत के मामले में महाराष्ट्र पहले तो दूसरे नंबर पर आज मध्य प्रदेश है, जहां 16 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा तेलंगाना में 11, पंजााब में सात, पश्चिम बंगाल में तीन और कर्नाटक में चार, उत्तर प्रदेश में तीन, केरल और जम्मू-कश्मीर में दो-दो और आंध्र प्रदेश में तीन, बिहार में एक, हिमाचल प्रदेश में दो और तमिलनाडु में पांच मौत हुई हैं।
