देश में कोरोना वायरस मरीजों की संख्या हुई 1071, अब तक 29 की मौत

देश में कोरोना वायरस मरीजों की संख्या हुई 1071, अब तक 29 की मौत

नई दिल्ली। देश में कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच अब तक 29 लोगों की मौत हो चुकी है वहीं कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 1071 तक पहुँच गई है। वहीँ दुनियाभर में कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद 638,146 जबकि कोरोना से दुनियाभर में अब तक 30 हज़ार से ज़्यादा मौत हो चुकी हैं।

भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 106 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। इसके बाद कोविड-19 के मामले 1071 का आंकड़ा पार कर गए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 1071 तक पहुंच गई, इसमें 942 एक्टिव मामले हैं और 99 ठीक हो चुके हैं।

इसके अलावा मृतकों का आंकड़ा 29 तक पहुंच गया है। मंत्रालय ने मौत के छह नए मामले दर्ज किए जिनमें दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र और तेलंगाना में एक-एक संक्रमित व्यक्ति की मौत हुई है।

कोरोना वायरस संक्रमण से देशभर में अब तक महाराष्ट्र में छह, गुजरात में चार, कर्नाटक में तीन, मध्य प्रदेश में दो और दिल्ली में भी दो लोगों की मौत हो चुकी है जबकि केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु, बिहार, पंजाब, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में एक-एक संक्रमित की जान गई।

इस बीच सोमवार को मध्य प्रदेश में आठ नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद इंदौर में अब तक मरीजों की संख्या 32 जा पहुंची है ।मध्य प्रदेश में जो आठ नए मामले सामने आए हैं। इनमें से सात मामले इंदौर और एक मामला उज्जैन में सामने आया है। प्रदेश में मरीजों की संख्या 32 हो गई है।

वहीं, कर्नाटक में अब तक 76 मामले सामने आए हैं। राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की संख्या 54 तक पहुंच गई है जिनमें दो मामले विदेशी नागरिकों से जुड़े हैं। उत्तर प्रदेश में 55 मामले दर्ज किए गए हैं जिनमें एक मामला विदेशी नागरिक से जुड़ा है।

गुजरात में मामलों की संख्या बढ़कर 53 हो गई है जिनमें से एक मामला विदेशी नागरिक से संबंधित है। तमिलनाडु में 42 लोग कोरोना से संक्रमित हैं जिनमें छह विदेशी हैं। वहीं, दिल्ली में यह संख्या बढ़कर 62 तक पहुंच गई है पंजाब में 38, जबकि हरियाणा में यह संख्या 33 है जिनमें 14 मामले विदेशी नागरिकों से जुड़े हैं।

वहीँ दूसरे देशो की बात करें तो इटली में कोरोना से हुई मौतों की संख्या 10,779 और संक्रमित करीब 100,000 की संख्या तक पहुंच गई। नागरिक सुरक्षा सेवा ने रविवार को 756 लोगों की मौत की सूचना दी। वहीं कोविड -19 के आधिकारिक रूप से पंजीकृत मामलों की संख्या 5,217 बढ़कर 97,689 हो गई।

ब्रिटेन में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,228 हो गई है। यहां पिछले 24 घंटों में 209 लोगों की मौत हुई है। वहीँ ईरान में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से 123 मौतें हुई हैं। इसके साथ ही यहां कोरोना वायरस से मरने वालों की कुल संख्या 2,640 हो गई है और संक्रमण के कुल मामले 40 हज़ार के क़रीब पहुंच गए हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका में मृत्यु दर अगले दो सप्ताह में अपने चरम पर पहुंच सकती है और इस प्रकार सामाजिक दूरी के दिशा निर्देशों को बढ़ाया जा सकता है।

स्पेन ने रविवार को गत 24 घंटों में रिकॉर्ड 838 लोगों की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत की पुष्टि की। इसके साथ ही देश में इस संक्रमण से मरने वालों की तादाद 6,528 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि स्पेन में अबतक 78,797 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

TeamDigital