संभल: सीओ अनुज चौधरी का ट्रांसफर, होली और जुमा को लेकर बयान से सुर्खियों में आया था नाम

संभल: सीओ अनुज चौधरी का ट्रांसफर, होली और जुमा को लेकर बयान से सुर्खियों में आया था नाम

मुरादाबाद। “साल में 52 बार जुमा आता है और होली एक बार आती है” जैसा विवादित बयान देकर सुर्खियों में आए संभल के एएसपी(सीओ) अनुज चौधरी का तबादला हो गया है।

अनुज चौधरी को चंदौसी में नियुक्त किया गया है। वहीं उनकी जगह नए सीओ के तौर पर आलोक भाई की नियुक्ति हुई है और उन्होंने कार्यभार संभाल लिया है।

इससे पहले विवादित बयान मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने सीओ संभल अनुज चौधरी के विरुद्ध सेवा नियमावलियों के लगातार उल्लंघन के आरोपों में पूर्व में दिए क्लीन चिट को निरस्त कर दिया था।

इतना ही नहीं इस प्रकरण में प्रदेश सरकार ने शिकायतकर्ता से साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए भी कहा है।

गौरतलब है कि आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने संभल सर्किल ऑफिसर (सीओ) अनुज चौधरी द्वारा लगातार सेवा नियमावलियों तथा वर्दी नियमावलियों के उल्लंघन किए जाने, बिना अधिकारिकता के बयानबाजी करने, पुलिसिंग तथा अपने कार्यों को जानबूझकर सांप्रदायिक रंग देने, सेवा नियमावलियों से इतर कार्य कर माहौल को तनावग्रस्त करने तथा वर्ग विशेष में असुरक्षा की भावना उत्पन्न करने के आरोप लगाए थे।

इस संबंध में एएसपी संभल श्रीश चंद्र ने जांच कर बताया था कि संभल में जुमा अलविदा, होली और ईद का त्योहार शांतिपूर्वक माहौल में संपन्न हुआ तथा अन्य आरोप के संबंध में कोई पुष्टिकारक साक्ष्य प्रकाश में नहीं आए, जिस आधार पर शिकायत निस्तारित कर दी गई।

TeamDigital