कर्नाटक: स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस ने दिखाया दम, 498 सीटें जीतीं

कर्नाटक: स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस ने दिखाया दम, 498 सीटें जीतीं

बेंगलुरु। कर्नाटक स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस ने बीजेपी को कड़ी शिकस्त दी है। शहरी स्थानीय निकाय चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी कांग्रेस ने 498 सीटें जीती हैं वहीँ सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को 437 सीटों पर ही जीत हासिल हुई है।

कर्नाटक में शहरी निकाय चुनाव के लिए 27 दिसंबर को 1184 वार्डों वाले कुल 58 शहरी स्थानीय निकायों में मतदान हुआ था। गुरुवार को मतगणना हुई और परिणाम का एलान किया गया। कोरोना महामारी की वजह से करीब तीन साल देर से शहरी निकाय चुनाव कराये गए है।

शहरी निकाय चुनाव के लिए राज्य की जिन 1184 सीटों पर मतदान हुआ, उनमें से कांग्रेस ने 498 सीटें, बीजेपी को 437, जनता दल सेकुलर (जेडी-एस) ने 45 और अन्य ने 204 सीटों पर जीत हासिल की। वोट प्रतिशत के आधार पर भी कांग्रेस अव्वल रही है। कांग्रेस को चुनाव में 42.06 फीसदी, बीजेपी को 36.90 फीसदी, जबकि जेडीएस को 3.8 फीसदी और अन्य को 17.22 फीसदी वोट मिले हैं।

स्थानीय शहरी निकाय चुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत पर पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने ट्वीट कर कहा, ‘स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस के लिए बहुत बड़ी जीत है. सत्तारूढ़ बीजेपी की तुलना में कांग्रेस का अधिक सीटें जीतना उनके निराशाजनक शासन का प्रतिबिंब है। यह इस बात का संकेत है कि हम आम चुनावों में क्या उम्मीद कर सकते हैं।’

हालांकि नगर पालिका परिषद के 166 वार्डों के चुनाव में बीजेपी ने कांग्रेस से 6 सीटें अधिक जीती हैं। नगर पालिका परिषद चुनाव में कांग्रेस को 61, भारतीय जनता पार्टी को 67, जनता दल-एस को 12 और अन्य को 26 सीटें मिली हैं। इसके अलावा नगर परिषद के 441 वार्डों में से कांग्रेस को 201, भारतीय जनता पार्टी को 176 और जेडीएस को 21 सीटें हासिल हुई हैं। पट्टाना पंचायत के 588 वार्डों में से में कांग्रेस को 236, भारतीय जनता पार्टी को 194 और जेडी-एस को 12 जबकि अन्य ने 135 वार्डों में जीत हासिल की।

कर्नाटक में 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में स्थानीय शहरी निकाय चुनाव में बीजेपी का पिछड़ना उसके लिए एक खतरे की घंटी जैसा है। प्रदेश में अंतर्कलह से जूझ रही बीजेपी के लिए स्थानीय शहरी निकाय चुनाव के परिणाम उसके लाइट टेंशन बढ़ाने वाले हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital