सिंधिया के गढ़ में दौड़ेगी कांग्रेस की बस, दिग्गज होंगे सवार, जनता को बताएंगे सच्चाई
भोपाल ब्यूरो। मध्य प्रदेश में 24 सीटों के लिए होने जा रहे उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। जहां एक तरफ पार्टी उम्मीदवारों के चयन के लिए सर्वे करा रही है वहीँ दूसरी तरफ मतदाताओं की नब्ज टटोलने का काम भी शुरू हो चूका है।
24 सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव में 16 सीटें ग्वालियर चंबल के इलाके से हैं और कांग्रेस इन सीटों को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़कर देख रही है। यही कारण है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ वाली 16 सीटों पर कांग्रेस के दिग्गज जल्द मैदान में नज़र आएंगे।
ग्वालियर-चंबल इलाके की 16 सीटों के लिए रणनीति तैयार करने के लिए पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के आवास पर हुई कांग्रेस की बैठक में तय किया गया कि ग्वालियर-चंबल इलाके की 16 सीटों पर कांग्रेस के शीर्ष नेता एक बस में सवार होकर निकलेंगे। कांग्रेस के दिग्गजों का यह दौरा पांच दिनों का होगा।
सूत्रों के मुताबिक पांच दिनों तक कांग्रेस की बस दिग्गज नेताओं के साथ सिंधिया के गढ़ में दौड़ेगी। सूत्रों के मुताबिक इस बस में सज्जन सिंह वर्मा, एनपी प्रजापति, डॉक्टर गोविंद सिंह, केपी सिंह, अशोक सिंह, अरुण यादव, अजय सिंह, आरिफ अकील, लाखन सिंह यादव और फूल सिंह बरैया जैसे नेता सवार होंगे।
सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ वाली 16 सीटों पर जनता को बताएगी कि अपनी महत्वाकांक्षाओं के चलरे ही सिंधिया कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में गए। इतना ही नहीं मतदाताओं को यह भी बताया जाएगा कि किस तरह चुनी हुई कमलनाथ सरकार को सौदेबाज़ी करके गिराया गया।
इतना ही नहीं 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकिट पर चुने गए विधायकों के इस्तीफे देने का मुद्दा भी पार्टी के नेता जनता के बीच में रखेंगे और बताएँगे कि उक्त विधायकों ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ मिलकर किस तरह लोकतंत्र की हत्या की और क्षेत्र के मतदाताओं के साथ विश्वासघात किया।
ये है कार्यक्रम:
13 जुलाई से शुरू होने वाले कांग्रेस का प्रचार अभियान 17 जुलाई तक चलेगा।
13 जुलाई: भांडेर, मेह गांव, गोहद
14 जुलाई:सुमावली, जौरा, मुरैना
15 जुलाई: दिमनी अंबाह
16 जुलाई: डबरा, करैरा, पोहरी
17 जुलाई: अशोकनगर, मुंगावली और बम्होरी
