26 जनवरी से कांग्रेस शुरू करेगी “हाथ से हाथ जोड़ो”अभियान, फरवरी में होगा अधिवेशन

26 जनवरी से कांग्रेस शुरू करेगी “हाथ से हाथ जोड़ो”अभियान, फरवरी में होगा अधिवेशन

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में रविवार को हुई कांग्रेस संचालन समिति (स्टीरिंग कमेटी) की बैठक में पार्टी को लेकर कई अहम फैसले लिए गए हैं। इनमे एक नया अभियान शुरू करने का फैसला भी शामिल है।

भारत जोड़ो यात्रा को जनता से मिल रहे समर्थन को देखते हुए कांग्रेस ने तय किया है कि आगामी 26 जनवरी से देश भर में ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान शुरू किया जाएगा। कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने बताया कि “हाथ से हाथ जोड़ो” अभियान के तहत ब्लॉक, पंचायत और बूथ के स्तर पर लोगों से संपर्क स्थापित किया जाएगा। वेणुगोपाल ने बताया कि दो महीने तक चलने वाले इस अभियान में राहुल गांधी के संदेश वाला पत्र भी लोगों को सौंपा जाएगा।

कांग्रेस महासचिव ने बताया कि अगले साल फरवरी महीने में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन होगा। यह अधिवेशन तीन दिनों का होगा।

वहीँ रविवार को हुई कांग्रेस संचालन समिति (स्टीरिंग कमेटी) की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कई अहम विषयो पर अपनी बात रखी। सूत्रों की माने तो मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा अनुशासित और ज़िम्मेदार लोगों को मौका मिलना चाहिए। सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने साफतौर पर कहा कि अब पार्टी में ज़िम्मेदारी तय होनी चाहिए।

सूत्रों के मुताबिक, खरगे ने चुनावो को लेकर कहा कि 2024 केलिए हमे हर तरह की चुनौतियों के लिए तैयार रहना चाहिए। राष्ट्रीय स्तर और राज्य स्तर पर गठबंधन के लिए बातचीत करने के लिए अभी से रणनीति तय करनी होगी। सूत्रों ने कहा कि हम में से हर एक को अपनी ज़िम्मेदारी का निर्वाह करना होगा तभी पार्टी अपनी पुरानी लय में वापस आएगी।

शीतकालीन सत्र में राहुल गांधी नहीं होंगे शामिल:

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक सवाल के जबाव में बताया कि संसद के शीतकालीन अधिवेशन में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मौजूद नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस समय राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हैं। इसलिए उनका संसद के शीतकालीन सत्र में हिस्सा लेना व्यवहारिक नहीं।

बता दें कि गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के कारण एक महीने देर से शुरू हो रहा संसद का शीतकालीन सत्र 7 दिसंबर से शुरू होगा. जो 29 दिसंबर से चलेगा।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital