संविधान बचाओ- भारत बचाओ के नारे के साथ कांग्रेस देशभर में करेगी फ्लैगमार्च

संविधान बचाओ- भारत बचाओ के नारे के साथ कांग्रेस देशभर में करेगी फ्लैगमार्च

नई दिल्ली। कांग्रेस के 135वे स्थापना दिवस के मौके पर शनिवार को कांग्रेस देशभर में कांग्रेस के झंडो के साथ फ्लैगमार्च करेगी। शनिवार को जहाँ कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी वहीँ महासचिव प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होंगी वहीँ पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी असम के गुवाहाटी में मौजूद रहेंगे।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक सोनिया शनिवार सुबह पार्टी मुख्यालय में ध्वजारोहण करेंगी वहीँ पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी असम के गुवाहाटी में एक सभा को भी संबोधित करेंगे। सूत्रों के मुताबिक शनिवार को देशभर में कांग्रेस कार्यकर्त्ता संविधान बचाओ देश बचाओ के नारो के साथ सड़क पर मार्च करेंगे।

इतना ही नहीं पार्टी के प्रदेश मुख्यालयों पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में संविधान की प्रस्तावना भी पढ़ेंगे और संविधान बचाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाई जाएगी।

पार्टी के महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा कि जब जब भारत के संविधान को चुनौती दी जाएगी और देश को प्रगति के पथ से उतारने का प्रयास होगा तब तब कांग्रेस पुरजोर ढंग से आवाज उठाएगी।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक शनिवार को पार्टी की ओर से देश भर में ‘संविधान बचाओ, भारत बचाओ’ के संदेश के साथ फ्लैग मार्च निकाला जाएगा तथा विभिन्न स्थानों पर पार्टी के नेता संबंधित राज्यों की भाषाओं में संविधान की प्रस्तावना पढ़ेंगे।

गौरतलब है कि कांग्रेस नागरिकता कानून और एनआरसी का विरोध कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि मोदी सरकार देश के संविधान से खिलवाड़ कर रही है और अल्पसंख्यको के खिलाफ साजिश रच रही है।

वहीँ नागरिकता कानून के खिलाफ शुक्रवार को भी देशभर में प्रदर्शन जारी रहे। देश की राजधानी दिल्ली में जामामस्जिद तथा यूपी भवन सहित कई जगह प्रदर्शन हुए। वहीँ महाराष्ट्र में मुंबई के अगस्त क्रान्ति मैदान में, राजस्थान के अजमेर में और आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में भी नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शन हुए।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital