गठबंधन को लेकर प्रियंका ने पत्ते खोले, यूपी की सभी सीटों पर अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

गठबंधन को लेकर प्रियंका ने पत्ते खोले, यूपी की सभी सीटों पर अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने बड़ा एलान किया है। प्रियंका गांधी ने एलान किया कि यूपी के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सभी सीटों पर अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी और किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी।

रविवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में आयोजित कांग्रेस पदाधिकारियों के प्रतिज्ञा सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि कई पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुझसे आगामी विधानसभा चुनाव के लिए किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करने के लिए कहा। मैं आप सभी को आश्वस्त करना चाहती हूं कि हम सभी सीटों पर लड़ेंगे और अकेले लड़ेंगे।

उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा हम चुनाव में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को मौका देंगे। प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत टिकिट महिलाओं को दी जाएँगी शेष सीटों पर पार्टी के कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ने का मौका दिया जायेगा।

प्रियंका गांधी ने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी में असली लड़ाई कांग्रेस ही लड़ रही है। उन्होंने कहा कि हम यहां पर कांग्रेस को मज़बूत करने आए हैं, क्योंकि कांग्रेस ही इस देश के लिए खड़ी है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा “नेहरू जी ने कहा था, भारत माता की जय के नारे में किसान, मजदूर, महिला, श्रमिक, सैनिक, एक-एक देशवासी की जय है। गांधी, नेहरू, पटेल, अंबेडकर जैसे तमाम स्वतंत्रता सेनानियों को आजादी का मतलब मालूम था। उन्हें आजादी की कीमत पता थी. जिन्होंने आजादी के लिए खून पसीना नहीं बहाया, उन्हें आजादी का मतलब समझ नहीं आता। इसीलिए बीजेपी नेतृत्व आजादी का आदर नहीं करता।”

प्रियंका ने कहा कि एक बार फिर करो या मरो का समय आ गया है। आम लोगों का दर्द है कि हमें मंहगाई से मारा जा रहा है। इंसान की पहचान नहीं, केवल वोटबैंक की पहचान है।

उन्होंने कहा, “सबसे पहले हमारा लक्ष्य है कि हम अपनी पार्टी को मज़बूत इसलिए करेंगे क्योंकि हमें इस प्रदेश से महंगाई मिटानी है। इस प्रदेश से अराजकता मिटानी है। हमें इस प्रदेश में लोकतंत्र दोबारा स्थापित करना है. जिसके ज़रिए आप सभी के अधिकारी मज़बूत बनेंगे।”

TeamDigital