बिहार चुनाव के लिए वर्चुअल बैठक में बोले राहुल, ‘सकारात्मक एजेंडे के साथ लड़ेंगे चुनाव’

बिहार चुनाव के लिए वर्चुअल बैठक में बोले राहुल, ‘सकारात्मक एजेंडे के साथ लड़ेंगे चुनाव’

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार कांग्रेस के करीब एक हज़ार नेताओं के साथ वर्चुअल बैठक की। इस बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल और बिहार में कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल के अलावा प्रदेश, जिला और ब्लॉक इकाइयों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि चीनी सैनिकों के साथ हुए हिंसक झड़प में बिहार रेजिमेंट के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कोरोना,बाढ़ दोनों की वजह से मुश्किलों का सामना कर रहे लोगों तक हर संभव मदद पहुंचाने का आह्वान भी किया।

राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा और आरएसएस ने देश के संस्थागत ढाँचे को तोड़ दिया है। इसका पुनर्निर्माण सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है। ठीक इसी तरह बिहार में जोड़ने का काम भी सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है।

उन्होंने प्रदेश की नीतीश सरकार और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कोरोना काल में सबसे ज़्यादा बिहार सरकार असफल रही है। मज़दूरों के बारे में यह सरकार बात नहीं करती, भ्रष्टाचार के बारे में बात नहीं करती, बेरोज़गारों के बारे में बात नहीं करती। हम करेंगे, कांग्रेस करेगी, पूरा विपक्ष मिलकर करेगा।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मैं बिहार के भाईयों से पूछना चाहता कि पूरे देश के निर्माण में आपका योगदान रहा है। लेकिन जब कोरोना आया; जब संकट आपके उपर आया, तो आपके साथ आपकी सरकार खड़ी नहीं रही। राहुल गांधी ने कहा कि सुशासन की बात करने वाले, विकास की बात करने वाले मुख्यमंत्रीआज चुप क्यों हैं? उनकी जनता त्राहिमाम कर रही है। उनकी निष्क्रियता जग ज़ाहिर हो चुकी है।

राहुल गांधी ने कहा कि बिहार विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस सकारात्मक एजेंडे के साथ उतरेगी। उन्होंने कहा कि बिहार की शक्ति को फिर से संजोना पड़ेगा। प्यार और सम्मान से सहयोगी बनाना होगा और मिलकर निर्णय लेना होगा।

गौरतलब है कि बिहार में इस वर्ष सितंबर- अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। बिहार चुनाव को लेकर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की यह दूसरी वर्चुअल बैठक है। इससे पहले हुई बैठक में उन्होंने बिहार प्रदेश कांग्रेस नेताओं से विचार विमर्श किया था।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital