पश्चिम बंगाल में कांग्रेस-वामदलों के गठबंधन के लिए सोनिया गांधी ने दी मंजूरी
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस वामपंथी दलों के साथ गठबंधन करेगी। चुनाव में वामदलों के साथ गठबंधन के लिए कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंजूरी दे दी है।
पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने ट्वीट कर इस आशय की जानकारी देते हुए कहा कि ‘कांग्रेस आलाकमान ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में वाम दलों के साथ गठबंधन को आज औपचारिक रूप से स्वीकृति प्रदान की।’
कांग्रेस के पश्चिम बंगाल प्रभारी जितिन प्रसाद ने कहा, ‘इस चुनाव में कांग्रेस इस गठबंधन में पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ेगी। यह चुनाव पश्चिम बंगाल की अस्मिता, संस्कृति और संस्कार को बचाने का है जिन पर चोट करने की कोशिश की जा रही है।’
पश्चिम बंगाल में वर्ष 2021 के अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य में कांग्रेस और वामपंथी दलों ने अभी से संयुक्त कार्यक्रमों का आयोजन शुरू कर दिया है।
हालांकि केरल में कांग्रेस और वामपंथी एक दूसरे के खिलाफ हैं। राज्य में वामपंथी सरकार है जबकि कांग्रेस विपक्ष में है। इसके बावजूद पश्चिम बंगाल में कांग्रेस वामपंथी दलों के साथ गठबंधन कर रही है।
जानकारों की माने तो राज्य विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी के बीच होना है लेकिन कम से कम 30 फीसदी सीटें ऐसी हैं जहां त्रिकोणीय मुकाबला होगा। विपक्ष की कोशिश रहेगी कि किसी भी तरह पश्चिम बंगाल में बीजेपी को रोका जाए।
राज्य में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार, यहाँ तक कि शिवसेना सुप्रीमो उद्धव ठाकरे से अच्छे और भरोसेमंद संबंध हैं। इसलिए चुनाव आते आते हालातो के हिसाब से कोई भी बड़ा परिवर्तन देखने को मिल सकता है।
