उपचुनाव के लिए कांग्रेस करा रही आंतरिक सर्वे, सिर्फ जिताऊ उम्मीदावार को ही मिलेगा टिकिट
भोपाल ब्यूरो। मध्य प्रदेश में होन वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पार्टी ने संभावित उम्मीदवारों की नब्ज़ टटोलने के लिए कुछ एजेंसियों को सर्वे का काम भी सौंपा है।
ये कंपनियां बूथस्तर पर सर्वे कर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को अपनी रिपोर्ट देंगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सर्वे कराये जाने के पीछे अहम कारण जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश करना है।
सूत्रों ने कहा कि जैसा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पहले ही कह चुके है कि सिर्फ जिताऊ चेहरों को ही पार्टी उपचुनाव में टिकिट देगी, उसी तर्ज पर उपचुनाव वाली सभी विधानसभाओं में सर्वे किये जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक सर्वे में जातिगत आंकड़े और मतदाताओं का रुझान भी जानने की कोशिश की जाएगी। इतना ही नहीं कोरोना संक्रमण काल में प्रवासी मजदूरो की बीजेपी से नाराज़गी और कांग्रेस छोड़कर गए 22 विधायकों के प्रति मतदाताओं का ताजा रुझान भी मालुम किया जाएगा।
सूत्रों ने कहा कि आंतरिक सर्वे रिपोर्ट आने के बाद ही पार्टी सर्वे में सामने आये मुद्दों पर प्राथमिकता से काम करना शुरू करेगी। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर भी प्रत्याशियों का चयन भी किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक सभी सर्वे रिपोर्टो को हाईकमान के साथ भी साझा किया जायेगा, साथ ही प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी मुकुल वासनिक के साथ बैठक में भी ये सर्वे रिपोर्ट रखी जाएंगी।
सूत्रों ने कहा कि उपचुनाव में टिकिट की दावेदारी करने वालो की जनता में छवि, उनका जनाधार और चुनाव जीतने की क्षमता को लेकर सर्वे कंपनियों ने कुछ सवाल तैयार किये हैं और ज़मीनी स्तर पर लोगों से बातचीत कर ये सवाल पूछे जायेंगे।
