बिहार में जल्द तय हो सीटों का बंटवारा, राहुल ने दिए निर्देश

बिहार में जल्द तय हो सीटों का बंटवारा, राहुल ने दिए निर्देश

नई दिल्ली। बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को हुई वर्चुअल मीटिंग में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार में सहयोगी दलों के साथ सीट शेयरिंग का फार्मूला जल्द तय करने के निदेश दिए हैं।

राहुल गांधी ने संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल, बिहार के कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल और प्रदेश अध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर हुई चर्चा में साफतौर पर कहा कि सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे का निर्णय जल्द होना चाहिए।

बता दें कि बिहार में महागठबंधन में शामिल हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतनराम मांझी और राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा लगातार सीटों के बंटवारा जल्द तय किये जाने की मांग करते रहे हैं। दोनों नेताओं का कहना है कि सीटों के बंटवारे का काम अंतिम समय तक के लिए उलझा कर न रखा जाए।

वहीँ कांग्रेस सूत्रों की माने तो पार्टी यह मानकर चल रही है कि बिहार में अक्टूबर के अंत तक विधानसभा चुनाव कराये जा सकते हैं। इसलिए पार्टी अगले दो सप्ताह के अंदर सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम राय सहयोगी दलों के समक्ष रख सकती है।

सूत्रों ने कहा कि बिहार में कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जल्द ही सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर बैठक करेंगे और इस बैठक के बाद पूरी जानकारी कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल को देंगे।

TeamDigital