नीतीश कल लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, राजद-कांग्रेस ने कहा “हम इंतज़ार करेंगे”
पटना ब्यूरो। बिहार में सोमवार को नीतीश कुमार 7वीं बार राज्य का मुख्यमंत्री पद संभालेंगे। सोमवार को होने वाले शपथ ग्रहण कार्यक्रम से पहले कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल ने नीतीश कुमार को पुनः मुख्यमंत्री बनाये जाने पर सवाल दागे हैं।
राष्ट्रीय जनता दल के सांसद मनोज झा ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाये जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि “कितनी बड़ी विडंबना है कि BJP 74 सीट लाती है लेकिन CM का चेहरा नहीं है उनके पास, मिल भी नहीं रहा है, खोजना भी नहीं चाह रहे हैं, बड़ा दवाब है! तो 40 सीट वाले को CM पद का उम्मीदवार चुनेंगे। 4 सीट HAM और VIP की है। इस विडंबना का अनफोल्डिंग आगे कैसे होगा, हमें इंतज़ार है।”
उन्होंने कहा कि कुछ दिन इंतज़ार कीजिए 40 सीट लाकर के जनता द्वारा खारिज कर देने के बाद अगर कोई व्यक्ति विशेष मुख्यमंत्री बनने का ख्वाब देख रहा है तो ये ख्वाब बिहार को नहीं पच रहा।
वहीँ नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाये जाने को लेकर कांग्रेस ने कहा कि बिहार में जिस तरह का मेंडेट मिला है वह नीतीश कुमार के खिलाफ गया है। कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह ने कहा कि पिछले चुनाव में नीतीश कुमार की अगुवाई वाले जदयू को 71 सीटें आई थीं, लेकिन इस बार उनकी पार्टी महज 43 सीट पर सिमट कर रह गई है, वह भी निष्पक्ष तौर पर नहीं।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार कहा भी करते थे कि वह साफ स्वच्छ छवि के व्यक्ति हैं, लेकिन इस बार ऐसा लग रहा है कि वे बीजेपी के दवाब में मुख्यमंत्री बन रहे हैं। अब वह क्या दवाब है, यह तो वही जानते होंगे।
अखिलेश सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने कहा भी था कि वह सीएम नहीं बनना चाहते हैं। उन्होंने सुशील मोदी के डिप्टी सीएम बनाए जाने के सवाल पर कहा कि सुशील मोदी को डिप्टी सीएम बनाया जाएगा कि नहीं है, वह उस पार्टी का आंतरिक मामला है लेकिन यह तो तय है कि सुशील कुमार मोदी सिर्फ बयानबाजी ही करते हैं। पिछले पांच सालों से कोई भी विकास का काम नहीं किया है।
गौरतलब है कि रविवार को पटना में विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहता था लेकिन बीजेपी के नेताओं के आग्रह और निर्देश के बाद ही मैंने मुख्यमंत्री बनना स्वीकार किया है।
