एमएसपी पर पीएम मोदी की अपनी ही रिपोर्ट बनी मुसीबत, कांग्रेस ने पूछे सवाल
नई दिल्ली। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी को लेकर जहाँ किसान आरपार की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं वहीँ विपक्ष एक रिपोर्ट का हवाला देकर पीएम मोदी को घेर रहा है।
गुजरात का मुख्यमंत्री रहते हुए नरेंद्र मोदी ने भारत सरकार के उपभोक्ता मामलो (कंज्यूमर अफेयर) पर एक रिपोर्ट सरकार को सौंपी थी। इस समय डा मनमोहन सिंह देश के प्रधानमंत्री थे। गुजरात का सीएम रहते हुए नरेंद्र मोदी द्वारा सरकार को सौंपी गई रिपोर्ट में किसानो की फसल के लिए सांविधिक निकाय के जरिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) लागू करने की सिफारिश की गई थी।
अब मोदी सरकार द्वारा लाये गए तीन कृषि कानूनों से एमएसपी गायब होने को लेकर विपक्ष पीएम मोदी को घेर रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री डा मनमोहन सिंह के कार्यकाल में गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सरकार को सौंपी गई रिपोर्ट ही उनके लिए मुसीबत बन गई है। कांग्रेस का कहना है कि पीएम मोदी अपनी ही कही बात से अब मुकर रहे हैं।
कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम मोदी सीएम मोदी की रिपोर्ट को नकार रहे हैं। एमएसपी की गारंटी देने वाली जो रिपोर्ट खुद सीएम मोदी ने सौंपी थी अब उसी रिपोर्ट से पीएम मोदी पीछे हट रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे बड़ी राजनीतिक बेईमानी का और बड़ा उदाहरण और क्या हो सकता है।
