सुशांत मामले में चर्चा में आये संदीप सिंह का क्या है बीजेपी कनेक्शन, कांग्रेस ने उठाये सवाल

सुशांत मामले में चर्चा में आये संदीप सिंह का क्या है बीजेपी कनेक्शन, कांग्रेस ने उठाये सवाल

नई दिल्ली। सुशांत सिंह सुसाइड मामले में अचानक चर्चा में आये संदीप सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बयोपिक के प्रोड्यूसर हैं। सुशांत सिंह मामले में ड्रग्स का खुलासा होने के बाद संदीप सिंह का नाम चर्चा में आया है।

इस मामले में कांग्रेस ने सवाल उठाये हैं। कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रवक्ता सचिन सावंत ने ने दावा किया कि सीबीआई मामले के मादक द्रव्य पहलू के संदर्भ में संदीप सिंह से पूछताछ करने जा रही है जो “पीएम नरेंद्र मोदी” के निर्माता हैं। सावंत ने ट्वीट कर कहा कि इसमें निश्चित रूप से भाजपा एंगल भी है।

उन्होंने कहा कि मादक द्रव्य के लेनदेन में सीबीआई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर बनी फिल्म के निर्माता की जांच करेगी, यह बेहद गंभीर है। इसीलिये मामले की जांच में सीबीआई को लाने की इतनी जल्दी थी। जब बॉलीवुड में कई शीर्ष निर्माता थे तब इस परियोजना को अंजाम देने के लिये संदीप सिंह को क्यो चुना गया?”

सावंत ने कहा कि मुख्यमंत्री, गृह मंत्री को बॉलीवुड, मादक द्रव्यों और भाजपा के बीच साठगांठ की जांच करनी चाहिए। भाजपा और बॉलीवुड के संबंधों के बारे में सब जानते हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या सीबीआई से मामले की जांच कराने की मांग किसी को बचाने के लिये थी? महाराष्ट्र सरकार को इस नजरिये की जांच करनी चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की ‘छवि खराब’ करने का प्रयास करने वाली फिल्म “एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर” के निर्माता विजय गुट्टे भी आपराधिक मामले में फंसे थे।

TeamDigital