किसान अधिकार दिवस पर कांग्रेस का प्रचंड प्रदर्शन, राहुल-प्रियंका भी सड़क पर उतरे

किसान अधिकार दिवस पर कांग्रेस का प्रचंड प्रदर्शन, राहुल-प्रियंका भी सड़क पर उतरे

नई दिल्ली। किसान अधिकार दिवस के अवसर पर आज कांग्रेस द्वारा प्रदेशो में राजभवन के घेराव के आह्वान पर कांग्रेस की प्रदेश इकाइयों ने राजभवन का घेराव किया है। इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजधानी दिल्ली में प्रचंड प्रदर्शन किया। इसमें पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भी शामिल हुए।

इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जब मोदी सरकार किसानों की जमीन छीनने की कोशिश कर रही थी; तब हमने उन्हें रोका था। मोदी सरकार एक बार फिर से किसानों पर आक्रमण कर रही है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि ये तीनों काले कानून किसानों के खिलाफ हैं। काले कानूनों के खिलाफ श्री राहुल गांधी संसद से लेकर सड़क तक संघर्ष कर रहे हैं, किसान दिल्ली की सरहदों पर डटे हुये हैं। हमारी यही मांग है- इन तीनों काले कानूनों को मोदी सरकार वापस ले, रद्द करे।

लखनऊ में अजय कुमार लल्लू और आराधना मिश्रा हिरासत में:

वहीँ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राजभवन की तरफ बढ़ रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और नेता विधानमंडल आराधना मिश्रा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

कांग्रेस ने शुरू किया ऑनलाइन कैंपेन:

आज किसान अधिकार दिवस के अवसर पर कांग्रेस ने किसानो के समर्थन में ऑनलाइन कैंपेन भी शुरू किया है। “स्पीकअप फॉर किसान अधिकार” नाम से शुरू किये गए ऑनलाइन कैंपेन में कांग्रेस के तमाम नेताओं ने सोशल मीडिया पर अपने वीडियो सन्देश जारी किये हैं

कांग्रेस महासचिव तारिक अनवर ने अपने संदेश में कहा कि मोदी सरकार ने जब-जब किसान विरोधी, मजदूर विरोधी, युवा विरोधी निर्णय लिये हैं; तब-तब कांग्रेस पार्टी ने ऐसे निर्णयों के विरोध में आवाज बुलंद की है। कांग्रेस पार्टी काले कानूनों के खिलाफ देश भर में आंदोलन शुरु कर रही है।

युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने कहा कि आज किसान अधिकार दिवस है। ये लड़ाई उन किसानों के अधिकार की लड़ाई है, जिन्होंने अपने पसीने से माटी को सींच कर हमारा पेट भरा है। ये लड़ाई उन किसानों के अधिकार की लड़ाई है, जिन्हें धरती का भगवान कहा जाता है।

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि आज कांग्रेस पूरी शक्ति के साथ किसानों के समर्थन में उतर रही है। आज ‘हरित क्रांति’ के बाद ये ‘कृषि क्रांति’ एक बहुत बड़ी मुहिम है और इस मुहिम को शक्ति देना हम सब का कर्तव्य है।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य सभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि मोदी सरकार पूरी तरह से अहम और अंहकार में डूबी हुई है। मोदी सरकार किसान हितों का ध्यान न रखते हुये किसान विरोधी कानूनों पर अड़ी हुई है। किसानों की दो मांगें हैं- काले कानून रद्द करो और नया कानून बना कर MSP की गारंटी सुनिश्चित करें।

TeamDigital