रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोत्तरी के खिलाफ देशभर में कांग्रेस का हल्ला बोल

रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोत्तरी के खिलाफ देशभर में कांग्रेस का हल्ला बोल

नई दिल्ली। पैट्रोल, डीजल की आसमान छूती कीमतों के बीच रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोत्तरी होने के खिलाफ आज कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ हल्ला बोलते हुए कई जगह विरोध प्रदर्शन किया।

रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोत्तरी को लेकर देश की राजधानी दिल्ली में युवक कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। वहीँ महिला कांग्रेस की कार्यवाहक अध्यक्ष नेट्टा डिसूजा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने, बढ़ती महंगाई के विरोध में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर प्रदर्शन किया।

दिल्ली के अलावा देश के कई अन्य राज्यों में भी रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोत्तरी के खिलाफ कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन किये जाने की ख़बरें आ रही हैं। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में महिला कांग्रेस और युवक कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन किया गया है।

गौरतलब है कि 1 सितंबर को 14.2 किलो वाले LPG सिलेंडर के दाम 25 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। इतना ही नहीं 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है, इसके दाम प्रति सिलेंडर 75 रुपये बढ़ा दिए गए हैं।

इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला रसोई गैस सिलेंडर अब 884.50 रुपये का हो गया है। जबकि इसके पहले ये 859.50 रुपये का मिल रहा था।

रसोई गैस सिलेंडर पर हाल ही में 17 अगस्त को 25 रुपये बढ़ाए गए थे और इसके पहले 1 जुलाई को भी सिलेंडर के दाम 25.50 रुपये बढ़ाए गए थे। कीमतें बढ़ने के बाद अब मुंबई में भी 14.2 किलोग्राम वाले रसोई गैस सिलेंडर का अब 884.50 रुपये का मिलेगा, जबकि अब तक ये 859.50 रुपये का मिलता था।

वहीँ कीमतें बढ़ने के बाद कोलकाता में रसोई गैस सिलेंडर का रेट 886 रुपये से बढ़कर 911 रुपये प्रति सिलेंडर हो गया है, जबकि चेन्नई में LPG सिलेंडर के लिए आज से सिलेंडर की कीमत 900.50 रुपये हो गई है, जो कि कल तक 875.50 रुपये था। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में LPG सिलेंडर के लिए अब 897.50 रुपये का मिलेगा।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital