कांग्रेस विधायक आदिति सिंह और बीएसपी विधायक वंदना सिंह बीजेपी में शामिल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आज भारतीय जनता पार्टी को बड़ी कामयाबी मिली है। रायबरेली से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह और आजमगढ़ के सगड़ी सीट से बहुजन समाज पार्टी की विधायक वंदना सिंह बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गईं।
इस अवसर पर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि आज दो लोकप्रिय विधायिकाएं भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुई हैं। एक अखिलेश यादव और डिम्पल को टक्कर देने के लिए और एक सोनिया-प्रियंका को टक्कर देने के लिए। दोनों दलित और शोषित लोगों के बीच में काम करती हैं।
भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद आदिति सिंह ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की कार्यशैली से बहुत प्रभावित थी, मैंने पूरे पांच साल उनकी कार्यशैली पर गौर किया। मैं अपनी सीट पर ज़्यादा से ज़्यादा मेहनत करके सीट जीता कर लाने का वादा करती हूं।
बसपा से बीजेपी में शामिल हुईं विधायक वंदना सिंह ने कहा कि भाजपा एक मंदिर है और मैंने एक मंदिर में प्रवेश लिया है और इसके भगवान योगी आदित्यनाथ और PM हैं। मैं उनकी नीतियों में विश्वास रखते हुए BJP में शामिल हुई हूं। BSP में मुझे मेरी गलती नहीं बताई गई, मेरा पक्ष नहीं जाना और मुझे निलंबित कर दिया गया।
आदिति सिंह पिछले काफी समय से कांग्रेस से अलग चल रही थीं। उन्होंने कई मौको पर सार्वजनिक तौर पर बीजेपी के पक्ष में बयान दिए और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की जमकर तारीफ़ भी की। अभी हाल ही में आदिति सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ की टीम का हिस्सा बनने की मंशा जताई थी।
वर्ष 2017 के चुनाव में अदिति पिता की राजनीतिक विरासत की वारिस बनीं। कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर वे विधायक बनीं। हालांकि, आदिति सिंह बहुत दिनों तक कांग्रेस की विचारधारा पर नहीं टिक सकीं और पार्टी के साथ उनके मतभेद खुलकर सामने आने लगे। इसके बाद से ही कयास लगने लगे कि आदिति सिंह कभी भी कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम सकती हैं।
