हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेता श्योराज जीवन
अलीगढ। हाथरस में हुई घटना को लेकर कांग्रेस नेता श्योराज जीवन को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। श्योराज जीवन पर जातीय हिंसा के लिए लोगों को भड़काने का आरोप लगा है।
इससे पहले एक न्यूज़ चैनल ने एक स्टिंग ऑपरेशन में दावा किया कि श्योराज जीवन ने उनके अंडर कवर रिपोर्टर से बातचीत में दंगा भड़काने के लिए पांच लाख रुपये की मांग की।
चैनल ने दावा किया कि उसके रिपोर्टर ने अपनी पहचान बदलकर श्योराज जीवन से संपर्क किया था। इस दौरान रिपोर्टर ने हाथरस की घटना का ज़िक्र करते हुए हाथरस काण्ड को लेकर दंगा कराने का प्रस्ताव दिया था।
वहीँ श्योराज जीवन का दावा है कि वे पहचान गए थे कि उनसे ज़बरदस्ती बयान दिलाकर उन्हें फंसाने की साजिश हुई है, इसलिए उन्होंने चैनल के रिपोर्टर को भरोसे में लेने के लिए उक्त बातें कहीं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि रिपोर्टर से हुई सभी बातचीत की जानकारी एडीजीपी को मैसेज द्वारा दे दी गयीं थीं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने एडीजीपी को संदेश भेजकर कहा था कि कुछ लोगों ने उनसे हाथरस कांड को लेकर दंगा कराने के लिए संपर्क किया है और ये लोग अलीगढ में दंगा कराना चाहते हैं। श्योराज जीवन ने कहा कि यदि में दंगा कराना चाहता तो में पुलिस को जानकारी क्यों देता।
वहीँ इस मामले में हाथरस और अलीगढ में एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस नेता श्योराज जीवन को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। खुद श्योराज जीवन ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है।
एडीजी आगरा ज़ोन अजय आनंद ने बताया कि श्योराज जीवन को पूछताछ के लिए हाथरस बुलाया गया था। उन्हें पूछताछ के बाद हिरासत में ले लिया गया है।
