इंडिया गठबंधन के सांसदों को हिरासत में लेने पर रोष जताया

इंडिया गठबंधन के सांसदों को हिरासत में लेने पर रोष जताया

अलीगढ़। आज वोट चोरी के खिलाफ दिल्ली में इंडिया गठबंधन के सांसदों द्वारा संसद से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च के दौरान सांसदों को हिरासत में लिए जाने पर कांग्रेस नेता सागर सिंह तोमर ने गहरा रोष व्यक्त किया है।

कांग्रेस के एससी/एसटी विभाग के प्रदेश महासचिव सागर सिंह तोमर ने कहा कि विपक्ष के सांसदों को हिरासत में लिए जाने की घटना से साफ हो गया है कि वोट चोरी मामले में बीजेपी और चुनाव आयोग की सांठ गांठ है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव आयोग से पारदर्शिता बरतने की मांग कर रहा है और इसी क्रम में आज इंडिया गठबंधन के सांसदों ने राहुल गांधी के नेतृत्व में संसद से निर्वाचन भवन तक मार्च आयोजित किया था लेकिन चुनाव आयोग से सांसदों से मिलकर उनका ज्ञापन लेने की जगह पुलिस को आगे कर दिया।

सागर सिंह तोमर ने कहा कि वोट चोरी पर राहुल गांधी द्वारा किए गए खुलासे के बाद अब जनता जागरूक हो रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को संवैधानिक मूल्यों का निर्वाह करते हुए अपने ऊपर लगे आरोपों का स्पष्टीकरण देना चाहिए।

सागर सिंह तोमर ने विपक्ष के सांसदों को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र को कुचलने की साजिश कांग्रेस पूरा नहीं होने देगी, इसके लिए जो भी कुर्बानी देनी होगी हम उसके लिए तैयार हैं।

TeamDigital